गुरुवार, 29 अगस्त 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Paris Paralympics games 2024 india schedule live streaming athletes event know every detail
Written By WD Sports Desk
Last Updated : गुरुवार, 29 अगस्त 2024 (17:58 IST)

Paris Paralympics : अब पैरा खिलाड़ी दिखाएंगे पेरिस में अपना दम, जानें कब और कहां देख सकेंगे लाइव एक्शन में

Paris Paralympics : अब पैरा खिलाड़ी दिखाएंगे पेरिस में अपना दम, जानें कब और कहां देख सकेंगे लाइव एक्शन में - Paris Paralympics games 2024 india schedule live streaming athletes event know every detail
(Credit : X)

 

India at Paris Paralympics 2024 : पैरा एथलीटों के लिए पैरालंपिक खेलों का 17वां एडिशन 28 अगस्त से शुरू हो गया है और यह 9 सितम्बर तक प्यार का शहर (City of Love) कहलाने वाली फ्रांस की राजधानी पेरिस में खेला जाएगा। पैरालंपिक इतिहास में भारत का सबसे बड़ा दल भेजा गया है जिसमें 84 एथलीट 12 खेलों में भाग लेंगे, जिसमें 38 महिला और 46 पुरुष एथलीट शामिल हैं। 2020 के टोक्यो पैरालिंपिक में, भारत ने 14 महिला और 40 पुरुष एथलीटों सहित 54 एथलीटों को भेजा था, जिन्होंने कुल 19 पदक जीते थे। भारत 22 खेलों में से 12 में भाग लेगा, जिसमें पैरा साइकिलिंग, पैरा जूडो और पैरा रोइंग कुछ नए खेल हैं।
 
 
भारत ने पिछले साल हांगझोउ एशियाई पैरा खेलों (Asian Para Games) में 29 गोल्ड सहित रिकॉर्ड 111 पदक जीते थे। इसके बाद मई में विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने 6 गोल्ड सहित 17 पदक जीते।
 
एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले कई खिलाड़ी पैरालंपिक टीम में शामिल हैं। इनमें विश्व रिकॉर्डधारी भाला फेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल (एफ64) और राइफल निशानेबाज अवनि लेखरा (10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1) जैसे सितारे शामिल हैं। ये दो टोक्यो में जीते गए अपने स्वर्ण पदक का बचाव करने के लिए उतरेंगे।
 
 
भारत का अभियान एक दिन बाद पैरा बैडमिंटन में शुरू होगा, जहां कृष्णा नागर पुरुष एकल में अपना खिताब बचाने उतरेंगे। पैरा तीरंदाजी, पैरा साइकिलिंग, पैरा ताइक्वांडो, पैरा तैराकी और पैरा टेबल टेनिस इवेंट में भी 29 अगस्त से भारतीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस बीच, पैरा एथलेटिक्स की शुरुआत 30 अगस्त से होगी, जिसमें 38 भारतीय एथलीट हिस्सा लेंगे।


सबसे ज़्यादा ध्यान भाला फेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल पर रहेगा, जो टोक्यो 2020 में F64 श्रेणी में स्वर्ण पदक विजेता और विश्व रिकॉर्ड होल्डर हैं। सत्रह साल की उम्र में एक दुर्घटना में अपना बायां पांव गंवाने वाले सुमित ने मई में पैरा विश्व चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीता था और वह पेरिस में उसी स्थान पर 75 मीटर का आंकड़ा पार करने की उम्मीद कर रहे हैं जहां नीरज चोपड़ा ने इस महीने के शुरू में ओलंपिक रजत पदक जीता था।
 
पदक के अन्य प्रमुख दावेदारों में पैरा तीरंदाज शीतल देवी शामिल हैं, जो अपने पैरों से निशाना लगाती है। उनके अलावा होकाटो सेमा (शॉट पुट) और नारायण कोंगनापल्ले (रोवर) और कई अन्य खिलाड़ी पदक के दावेदार हैं।
 
(Credit :X/ Paralympic Committee of India)

 
लेखरा ने एक स्वर्ण और एक कांस्य के साथ टोक्यो में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और दो पदक जीते थे। उनके अलावा सिंहराज अधाना (रजत और कांस्य) ने भी दो पदक हासिल किए थे लेकिन वह मौजूदा टीम में जगह नहीं बना सके। लेखरा पैरालंपिक स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला थीं। वह अब पैरालंपिक में तीन पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल होना चाहेगी।
 
भारतीय पैरालंपिक समिति (PCI) के अध्यक्ष भाला फेंक खिलाड़ी देवेंद्र झाझरिया दो स्वर्ण (2004 एथेंस और 2016 रियो) और एक रजत (2021 टोक्यो) के साथ पैरालंपिक में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ी हैं।

India at Paris paralympics

 
जोगिंदर सिंह बेदी ने 1984 पैरालिंपिक में तीन पदक (गोला फेंक में रजत, भाला और डिस्कस थ्रो में एक-एक कांस्य) जीते थे। दीप्ति जीवनजी (महिलाओं की 400 मीटर टी20), रियो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता मरियप्पन थंगावेलु (पुरुषों की ऊंची कूद – टी63) और योगेश कथुनिया (पुरुष डिस्कस थ्रो – एफ56) पदक जीतने के दावेदारों में शामिल हैं।
 
टोक्यो खेलों के स्वर्ण पदक विजेता प्रमोद भगत डोपिंग नियमों का उल्लंघन करने के कारण इस बार पैरालंपिक में भाग नहीं ले पाएंगे। टोक्यो में रजत पदक जीतने वाले सुहास यतिराज (पुरुष एकल और मिश्रित युगल) फिर से पदक के दावेदार होंगे।
 
पैरा तीरंदाजी में शीतल और हरविंदर सिंह पदक के दावेदारों में से होंगे। हरविंदर ने तोक्यो में पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व ओपन में कांस्य पदक जीता था।
 
तोक्यो में टेबल टेनिस में रजत पदक जीतने वाली भाविनाबेन पटेल का लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना होगा। व्हीलचेयर पर बैठकर खेलने वाली यह खिलाड़ी महिला एकल एस4 और महिला युगल डी10 स्पर्धाओं में भाग लेगी।
 
टेबल टेनिस में भारत की पहली पैरालिंपिक पदक विजेता भाविना पटेल महिला एकल इवेंट में खेलेंगी और महिला युगल वर्ग में सोनलबेन पटेल के साथ खेलेंगी।
 
तीन साल पहले, भारत ने Summer Games में पैरा तीरंदाजी में भी अपना पहला पदक जीता था। हरविंदर सिंह ने टोक्यो में पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व ओपन तीरंदाजी प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया था।
 
 
4 सितंबर से शुरू होने वाले पैरा पावरलिफ्टिंग में एथेंस 2004 के बाद भारत के पहले पोडियम के लिए परमजीत कुमार, अशोक, सकीना खातून और कस्तूरी राजमणि भाग लेंगे।
 
भारतीय जूडोका कपिल परमार और कोकिला 5 सितंबर को पैरालंपिक में डेब्यू करेंगे। तीन सदस्यीय पैरा कैनो टीम (Canoe team) पेरिस 2024 भाग लेने वाले भारतीय एथलीटों का आखिरी ग्रुप है, जो 6 सितंबर से रेस लगाएंगे।  

 
Para Archery : हरविंदर सिंह, पूजा, राकेश कुमार, श्याम सुंदर स्वामी, सरिता, शीतल देवी
Para Athletics : सुमित अंतिल, भाग्यश्री जाधव
Para Badminton : कृष्णा नागर, सुहास यतिराज, नितेश कुमार, शिवराजन सोलैमलाई, सुकांत कदम, तरूण, निथ्या श्री सुमति सिवन, पलक कोहली, थुलासिमथी मुरुगेसन
Para Cycling : अरशद शेख, ज्योति गजेरिया
Para Rowing : अनीता, के. नारायण
Para Shooting : अवनि लेखरा, मनीष नरवाल
Para Swimming : सुयश जाधव
Para Table Tennis : भाविना पटेल, सोनलबेन पटेल
Blind Judo : कपिल परमार, कोकिला
Wheelchair Fencing : चंदीप सिंह
 
 
 
 
पैरालंपिक खेलों में भारत का इतिहास
भारत ने पैरालंपिक खेलों के पिछले 11 संस्करणों में 31 पदक जीते हैं। टोक्यो 2020 में भारत का अब तक का सबसे सफल अभियान रहा, जिसमें एथलीटों ने 19 पदक जीते -  5 Gold,  8 Silver और 6 Bronze।
 
कहां देख सकेंगे भारत में पैरालंपिक खेल? 
भारत में पेरिस 2024 पैरालंपिक खेलों की लाइव स्ट्रीमिंग Olympic.com पर उपलब्ध होगी। पेरिस 2024 पैरालिंपिक खेलों का भारत में किसी भी टीवी चैनल पर सीधा प्रसारण नहीं किया जाएगा। हालांकि, चुनिंदा हाइलाइट्स Sports18 टीवी चैनल पर उपलब्ध होंगे।
 
आप Jio Cinema पर भी लाइव पैरालंपिक देख पाएंगे। 
ये भी पढ़ें
भारत के खिलाफ सिर्फ 1 टेस्ट पारी में 62 रन बनाने वाले इस ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ने 26 की उम्र में टांगा बल्ला