शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Harmanpreet Singh and Gurjeet Kaur bags Top Hockey Honors
Written By
Last Updated : गुरुवार, 7 अक्टूबर 2021 (09:13 IST)

FIH वार्षिक पुरस्कारों में भारतीयों का दबदबा, हरमनप्रीत और गुरजीत को शीर्ष पुरस्कार

FIH वार्षिक पुरस्कारों में भारतीयों का दबदबा, हरमनप्रीत और गुरजीत को शीर्ष पुरस्कार - Harmanpreet Singh and Gurjeet Kaur bags Top Hockey Honors
लुसाने: टोक्यो ओलंपिक 2020 के बाद भारतीय पुरुष तथा महिला हॉकी खिलाड़ियों ने एक और उपलब्धि हासिल की है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते न केवल भारतीय हॉकी खिलाड़ियों, बल्कि दोनों टीमों के कोचों ने विभिन्न श्रेणियों में अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के वार्षिक हॉकी स्टार पुरस्कार जीते हैं।

भारतीय महिला टीम की डिफेंडर गुरजीत कौर ने महिला श्रेणी और भारतीय पुरुष टीम के कप्तान एवं डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह ने पुरुष श्रेणी में ‘एफआईएच प्लेयर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार जीता है। इसके अलावा सविता और पीआर श्रीजेश को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, शर्मिला देवी और विवेक प्रसाद को राइजिंग स्टार ऑफ द ईयर और महिला टीम के कोच सोजर्ड मारिजने और पुरुष टीम के कोच ग्राहम रीड को सर्वश्रेष्ठ कोच का पुरस्कार मिला है।

उल्लेखनीय है कि इन पुरस्कारों के लिए 79 राष्ट्रीय हॉकी संघों (अफ्रीका के 11, एशिया के 29, यूरोप के 19, ओशिनिया के 3, पैन अमेरिका के 17), उनके संबंधित राष्ट्रीय कप्तानों और कोचों ने मतदान किया है और रिकॉर्ड तीन लाख प्रशंसकों ने वोट डाले। एफआईएच हॉकी स्टार पुरस्कारों में प्रशंसकों की भागीदारी शानदार रही। सभी विजेता खिलाड़ियों ने तीन मतदान समूहों (राष्ट्रीय संघों, प्रशंसकों, खिलाड़ियों, मीडिया) में से प्रत्येक में शीर्ष स्थान हासिल किया है।

बेल्जियम की पुरुष हॉकी टीम और नीदरलैंड की महिला हॉकी टीम, जो न केवल ओलंपिक चैंपियन बने थे, बल्कि 2020-21 एफआईएच हॉकी प्रो लीग भी जीती थी को भी प्रशंसकों ने खासा समर्थन दिया है। ग्रेट ब्रिटेन की महिला टीम को काफी मान्यता दी गई है।

बेल्जियम के अलेक्जेंडर हेंड्रिक्स और आर्थर वैन डोरेन को पुरुष श्रेणी में क्रमशः दूसरे और तीसरे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में चुना गया, जबकि हमवतन विन्सेंट वनाश को दूसरा सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और शेन मैकलियोड को दूसरा सर्वश्रेष्ठ कोच चुना गया है।

नीदरलैंड महिला टीम की ईवा डी गोएडे और फ्रेडरिक मटला ने महिला एफआईएच प्लेयर ऑफ द ईयर पुरस्कार में दूसरे और तीसरे स्थान पर कब्जा किया है, जबकि उनके कोच एलिसन अन्नान दूसरे सर्वश्रेष्ठ कोच बने हैं। ग्रेट ब्रिटेन के लिए मैडी हिंच, फियोना क्रैकल्स और कोच मार्क हैगर क्रमश: गोलकीपर, राइजिंग स्टार और सर्वश्रेष्ठ कोच की श्रेणी में तीसरे स्थान पर रहे।

अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर पर कोरेाना महामारी के प्रभाव के कारण 2020 में एफआईएच हॉकी स्टार पुरस्कारों की घोषणा न होने के कारण, इस वर्ष के पुरस्कारों में जनवरी 2020 से लेकर टोक्यो ओलंपिक खेलों 2020 के समापन तक की अवधि शामिल है।

पुरस्कारों के लिए मतदान प्रक्रिया 23 अगस्त को शुरू हुई और 15 सितंबर को समाप्त हुई। राष्ट्रीय संघों, उनके संबंधित राष्ट्रीय कप्तानों और कोचों के वोटों को कुल परिणाम के 50 प्रतिशत के तौर पर गिना जाता है, जबकि आधे वोट प्रशंसकों, खिलाड़ियों और मीडिया के होते हैं।(वार्ता)
ये भी पढ़ें
IPL में यह हाल है तो टी-20 विश्वकप में क्या होगा UAE की पिचों का? बन सकती है बल्लेबाजों की कब्रगाह