1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Australian Open Tennis Tournament

फेडरर और वोज्नियाकी ऑस्ट्रेलियाई ओपन के अगले दौर में, एंडरसन हारे

Australian Open Tennis Tournament
मेलबर्न। गत चैम्पियन रोजर फेडरर और कैरोलिन वोज्नियाकी ने अपने-अपने मुकाबले अलग-अलग अंदाज में जीतकर ऑस्ट्रेलियाई ओपन के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया। फेडरर ने लगातार 20वें साल तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया, लेकिन ब्रिटेन के डान इवांस के खिलाफ मुकाबला 7-6, 7-6, 6-3 से जीतने में उन्हें काफी मेहनत करनी पड़ी।


बीस बार के ग्रैंडस्लैम चैम्पियन फेडरर यहां रिकॉर्ड सातवां और लगातार तीसरा खिताब जीतने के इरादे से उतरे हैं। उन्होंने पहले दौर में डेनिस इस्तोमिन को हराया लेकिन दूसरे दौर में उन्हें कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। 2 घंटे 35 मिनट तक चला मुकाबला जीतने के बाद उन्होंने कहा, मैं शुरुआत से दबाव बना लेता तो हालात कुछ और होते।

अब फेडरर का सामना फ्रांस के गाएल मोंफिल्स या अमेरिका के टेलर फ्रिट्स से होगा। वहीं पांचवीं रैंकिंग वाले दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन को अमेरिका के फ्रांसिस टियाफो ने 4-6, 6-4, 6-4, 7-5 से शिकस्त दी।

अब दुनिया के 39वें नंबर के इस खिलाड़ी का सामना इटली के आंद्रियास सेप्पी से होगा। छठी वरीयता प्राप्त क्रोएशिया के मारिन सिलिच ने अमेरिका के मैकेंजी डोनाल्ड को पांच सेटों में हराया जो अब स्पेन के फर्नांडो वर्डास्को से खेलेंगे।

यूनान के स्टीफानोस टी भी सर्बिया के विक्टर ट्रोइकी को हराकर अगले दौर में पहुंच गए।  महिला वर्ग में वोज्नियाकी ने स्वीडन की जोहाना लारसन को 6-1, 6-3 से मात दी। स्लोएने स्टीफेंस ने टिमिया बाबोस को 6-3, 6-1 से हराया।
अगला लेख
ऑस्ट्रेलियाई ओपन में भारतीय चुनौती समाप्त, पहले दौर में हारे बोपन्‍ना और दिविज