• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
Written By वार्ता
Last Modified: कोच्चि (वार्ता) , शनिवार, 8 मार्च 2008 (22:06 IST)

भारत ने एथलेटिक्स में 24 स्वर्ण जीते

सिनिमोल सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट बनीं

भारत ने एथलेटिक्स में 24 स्वर्ण जीते -
भारत ने अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए पहली दक्षिण एशियाई एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 24 स्वर्ण पदक जीत लिए। भारत की सिनिमोल पाउलोस को दो दिवसीय इस मीट की सर्वश्रेष्ठ उभरती महिला एथलीट घोषित किया गया।

सिनिमोल ने महाराजा कालेज ग्राउंड में शनिवार को समाप्त हुई इस मीट में 4 मिनट 16.40 सेकंड के समय के साथ 1500 मी. दौड़ जीत ली। मीट में यह उनका दूसरा स्वर्ण था। शुक्रवार को उन्होंने 800 मी. का स्वर्ण भी जीता था।

भारत की सुषमा को 1500 मी. दौड़ में 4.19.82 के समय के साथ रजत और श्रीलंका की डीए. एस. समनमाली (4.25.33) को काँस्य पदक मिला। तिहरी कूद का स्वर्ण जीतने वाले पाकिस्तान के जफर इकबाल को सर्वश्रेष्ठ उभरता पुरुष एथलीट घोषित किया गया। उन्होंने 16.42 मी. की छलाँग के साथ स्वर्ण जीता था।

भारतीय एथलीटों ने हालाँकि इस प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन उनमें से कोई भी पेइचिंग ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाया।

भारत की सीमा अंतिल ने शॉट पुट में 14.34 मी0 की थ्रो के साथ स्वर्ण जीता। यह मीट का उनका दूसरा स्वर्ण था। इससे पहले उन्होंने चक्का फेंक में 57.94 मी. के प्रयास के साथ स्वर्ण जीता था। श्रीलंका की एम.एन.डी. मुथुना (13.66 मी.) को रजत और भारत की सरोज (13.40 मी.) को काँस्य पदक मिला।

मीट की सबसे तेज महिला धाविका श्रीलंका की प्रियदर्शिनी ने 200 मी. दौड़ में भी अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए 24.04 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीत लिया। उनके देश की एलएस इरांगानी (24.25) ने रजत और भारत की सुषमासिंह राय (24.40) ने कांस्य पदक जीता।

100 मी. के चैंपियन बीजी नागराज की अगुवाई में भारत की चार गुणा 100 मी. पुरुष रिले टीम ने 40.86 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण जीता। भारतीय टीम में नागराज के अलावा विलास नीलगुंड, रीतेश आनन्द और कृष्णन कुमार शामिल थे। पाकिस्तान (41.11) दूसरे और श्रीलंका (41.13) तीसरे स्थान पर रहा।