पहला सावन सोमवार 2 अगस्त से
ND
आषाढ़ माह खत्म होने के साथ ही सोमवार से सावन का पावन महीना शुरू हो रहा है। लेकिन विडंबना है कि सावन मास के इस पहले सोमवार को 'सावन सोमवार' के रूप में नहीं मनाया जा सकेगा।
सावन के पहले सोमवार को लेकर ज्योतिषाचार्यों में मतभेद है। कुछ के अनुसार सावन माह का पहला सोमवार 2 अगस्त को होगा, वहीं कुछ का मानना है कि सावन का पहला सोमवार 26 जुलाई का होगा।
पंडित कामता प्रसाद तिवारी के मत अनुसार सोमवार को सुबह 7.12 मिनट तक पूर्णिमा थी और इसके बाद सावन का महीना शुरू हुआ। हिंदू पंचांग गणना के अनुसार सूर्योदय के समय जो तिथि रहती है, वही तिथि उस दिन मानी जाती है। सोमवार को सूर्योदय के समय पूर्णिमा होने के कारण इस दिन स्नानदान पूर्णिमा के रूप में मनाया गया। इसलिए पहला सावन सोमवार 2 अगस्त को पड़ेगा।
इस संबंध में ज्योतिषाचार्य पंडित भंवर लाल शर्मा का कहना है कि सावन महीना 27 जुलाई से प्रारंभ हो रहा है और इस दिन मंगलवार है, इसके कारण सावन का पहला सोमवार 2 अगस्त को होगा। हालाँकि सावन महीने का शुभारंभ मंगलवार से हो रहा है। इस बार सावन मास में चार सोमवार ही होंगे।
