शनिवार, 19 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. शेयर बाजार
  3. समाचार
  4. share market falls : sensex, nifty in red mark
Last Updated : गुरुवार, 18 जनवरी 2024 (11:21 IST)

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट, इन शेयरों में निवेशकों को नुकसान

share market
Share market news : प्रमुख शेयर सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी में गुरुवार को शुरुआती कारोबार में लगातार तीसरे दिन गिरावट जारी रही। कारोबारियों का कहना है कि हालिया रिकॉर्ड तेजी के बाद मुनाफा वसूली के चलते बाजार में कमजोरी है। इसके अलावा विदेशी कोषों की ताजा बिकवाली ने भी निवेशकों की भावना को खराब किया।
 
इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 561.05 अंक गिरकर 70,939.71 पर पहुंच गया। हालांकि इसमें रिकवरी हुई और सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर यह 336 अंकों की गिरावट के साथ 71,164 पर था। निफ्टी 165.6 अंक टूटकर 21,406.35 पर था। रिकवरी के बाद यह 99 अंक गिरकर 21472 पर पहुंच गया।
 
सेंसेक्स की कंपनियों में HDFC बैंक, पावर ग्रिड, एशियन पेंट्स, विप्रो, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंडसइंड बैंक, एनटीपीसी और जेएसडब्ल्यू स्टील में उल्लेखनीय गिरावट हुई। दूसरी ओर एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा मोटर्स और रिलायंस इंडस्ट्रीज लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।

उल्लेखनीय है कि ईरान और पाकिस्तान में तनाव की वजह से अन्य एशियाई बाजारों में गिरावट दिखाई दे रही है।
 
इससे पहले सेंसेक्स मंगलवार को 73,427.59 के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। इसी दिन निफ्टी ने भी 22,124.15 के अपने उच्चतम स्तर को छुआ। इस तेजी के बाद बाजार में मुनाफा वसूली देखने को मिल रही है। 
 
सेंसेक्स बुधवार को 1,628.01 अंक या 2.23 प्रतिशत गिरकर 71,500.76 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 460.35 अंक या 2.09 प्रतिशत गिरकर 21,571.95 पर बंद हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 10,578.13 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।
Edited by : Nrapendra Gupta