• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. रूस-यूक्रेन वॉर
  3. न्यूज़ : रूस-यूक्रेन वॉर
  4. Ukraine Agrees To Talks As Putin Puts Nukes On Alert: 10 Developments
Written By
Last Updated : सोमवार, 28 फ़रवरी 2022 (00:47 IST)

Russia Ukraine War : व्लादिमीर पुतिन ने परमाणु प्रतिरोधी बलों को अलर्ट पर रहने का आदेश दिया, रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़ी 10 बड़ी बातें

Russia Ukraine War : व्लादिमीर पुतिन ने परमाणु प्रतिरोधी बलों को अलर्ट पर रहने का आदेश दिया, रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़ी 10 बड़ी बातें - Ukraine Agrees To Talks As Putin Puts Nukes On Alert: 10 Developments
मास्को/कीव/ नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन में भयानक युद्ध जारी है। यूक्रेन पर रूस लगातार हमला कर रहा है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन को लेकर पश्चिमी देशों के साथ जारी तनाव के बीच रूसी परमाणु प्रतिरोधी बलों को अलर्ट पर रहने का आदेश दिया है। इस बीच यूक्रेन ने बेलारूस की सीमा पर रूस के शांति वार्ता के लिए रजामंदी दे ‍दी है। रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़ी 10 बड़ी बातें-
1. यूक्रेन पर चौतरफा हमले जारी : यूक्रेन पर लगातार चौथे दिन भी रूस का हमला जारी है। यूक्रेन ने दावा किया है कि अब तक लड़ाई में लगभग 4,300 रूसी सैनिक मारे गए हैं। साथ ही 146 टैंक, 27 विमान और 26 हेलिकॉप्टर को तबाह कर दिया गया है। यूक्रेन की राजधानी कीव में लगातार फायरिंग। रूसी सेना ने यूक्रेन के शहरों को तोपखाने और क्रूज मिसाइलों से घेर रखा है। समाचार एजेंसी एएफपी ने बताया कि उनके सैनिक यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव में घुस गए हैं। यूक्रेन ने दावा किया है कि वह रूसी सेना को मुंहतोड़ जवाब दे रहा है।
2. पीएम मोदी की बड़ी बैठक : यूक्रेन से फंसे भारतीयों को निकालने पर चर्चा के लिए रविवार को यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हाईलेवल मीटिंग हुई। इसमें विदेश मंत्री एस. जयशंकर, विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के अब तक किए गए प्रयासों के संबंध में पीएम मोदी ने जानकारी ली। यूक्रेन से भारतीयों को निकालने में सहायता के लिए एक ट्विटर अकाउंट (@OpGanga) बनाया गया।
3. परमाणु हमले का डर बता रहे हैं पुतिन : परमाणु हमले के खतरे पर चौतरफा घिरा रूस। अमेरिका ने कहा- परमाणु हमले का खतरा बताकर खौफ का वातावरण पैदा कर रहे हैं पुतिन।  
 
4. बेलारूस में राजनयिकों की मुलाकात : रूस के सैनिक यूक्रेन की राजधानी कीव के पास पहुंच गए हैं। ऐसे में यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय ने पुष्टि की है कि एक प्रतिनिधिमंडल रूसी अधिकारियों से मुलाकात करेगा। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के कार्यालय ने टेलीग्राम ऐप पर कहा कि दोनों पक्ष बेलारूस की सीमा पर एक अनिर्दिष्ट स्थान पर मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति कार्यालय ने बैठक का कोई निर्धारित समय नहीं बताया। यूक्रेन के अधिकारियों ने पहले इस प्रस्ताव को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि बातचीत बेलारूस की बजाय कहीं और होनी चाहिए क्योंकि रूस ने बेलारूस में भारी संख्या में सैनिकों को तैनात कर रखा है।
5. यूक्रेन ने किया नियमों का उल्लंघन : रूस के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल इगोर कोनाशेनकोव ने रविवार को कहा कि यूक्रेन की सेना होस्टोमेल हवाई क्षेत्र के निकट कीव में रूसी सैनिकों की कार्रवाई को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय कानून द्वारा प्रतिबंधित फास्फोरस से भरे गोला-बारूद का बड़े पैमाने पर उपयोग कर रही है। यूक्रेनी सशस्त्र बलों की इकाइयों ने रूसी सैनिकों को रोकने के लिए होस्टोमेल हवाई क्षेत्र के निकट कीव के उपनगरीय इलाके में फास्फोरस से भरे गोला-बारूद का बड़े पैमाने पर उपयोग किया है। उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि 1980 के संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन के तीसरे प्रोटोकॉल द्वारा इन युद्ध सामग्रियों का उपयोग प्रतिबंधित है।
 
6. परमाणु बल को अलर्ट पर रखने के आदेश : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रविवार को रूसी परमाणु बलों को ‘हाई अलर्ट’ पर रखने का आदेश दिया जिससे यूक्रेन पर रूस द्वारा किये गए हमले पर पूर्वी और पश्चिमी देशों के बीच तनाव और बढ़ने का अंदेशा है। पुतिन ने कहा कि नाटो के प्रमुख सदस्य देशों द्वारा 'आक्रामक बयानबाजी' की प्रतिक्रिया में उन्होंने यह निर्णय लिया।
 
7. ईयू रूस के लिए बंद करेगा एयर स्पेस : यूरोपीय संघ (ईयू) की मुख्य कार्यकारी ने कहा कि 27 देशों के उनके संगठन ने रूसी विमानन कंपनियों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने और यूक्रेन को हथियार की आपूर्ति के लिए कोष उपलब्ध कराने का फैसला किया है। इसके साथ ही यूक्रेन पर रूसी हमले के विरोध में क्रेमलिन के कुछ मीडिया आउटलेट पर भी रोक लगाने का फैसला लिया जा रहा है।
 
8. संयुक्त राष्ट्र का आपातकालीन सत्र : यूक्रेन पर रूस के हमले के मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र की 193 सदस्यीय महासभा का 'आपातकालीन विशेष सत्र' आहूत करने पर सुरक्षा परिषद में मतदान होगा। इससे दो दिन पहले मास्को ने कीव पर हमले पर एक प्रस्ताव को रोकने के लिए वीटो का इस्तेमाल किया था। 1950 से अब तक महासभा के ऐसे केवल 10 सत्र आहूत किए गए हैं। सत्र आहूत करने के लिए मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्य- चीन, फ्रांस, रूस, ब्रिटेन और अमेरिका अपनी वीटो शक्ति का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे।
 
9. नए कंट्रोल रूम : पोलैंड, रोमानिया, हंगरी और स्लोवाक गणराज्य के साथ सीमा पार करने वाले बिंदुओं के माध्यम से भारतीय नागरिकों को निकालने में सहायता के लिए 24x7 नियंत्रण केंद्र स्थापित किए गए हैं। 
10. भारत में रूस के नए राजदूत : भारत में रूस के नए राजदूत बने डेनिस अलीपोव। उन्होंने विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला के साथ बैठक की। बैठक में सामयिक द्विपक्षीय, अंतरराष्ट्रीय मुद्दों और यूक्रेन में भारतीय छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के तरीकों पर चर्चा की। रूस ने इसके लिए अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया।