1. धर्म-संसार
  2. »
  3. धर्म-दर्शन
  4. »
  5. समाचार

यहाँ हिंदू रखते हैं ताजिया...

मुहर्रम
ND
बिहार के सीवान जिले के ठेपहाँ गाँव में हिंदू न केवल मुहर्रम मनाते हैं वरन् कई हिंदू परिवार ऐसे भी है जो ताजिए निकालते हैं। देश के पहले राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद की जन्मस्थली सीवान जिले के जीरादोई से लगभग दो किलोमीटर दूर तथा जिला मुख्यालय से लगभग 12 किलोमीटर दूर ठेपहाँ गाँव में सोमवार को हिंदू परिवारों ने भी मुसलमानों के साथ मिलकर मुहर्रम मनाया।

मुहर्रम के दौरान यहाँ के कई परिवारों ने अपने घरों से ताजिया निकाला। वहाँ के ग्रामीण ललन चौधरी ने बताया कि यह गाँव शुरू से ही हिन्दू और मुस्लिम एकता की मिसाल रहा है। उन्होंने बताया कि हिन्दू यहाँ ताजिया तो निकालते ही हैं साथ ही रोजा भी रखते हैं। इनमें हिन्दू महिलाओं की संख्या भी काफी होती हैं।

उन्होंने बताया कि गाँव में मुख्य रूप से पाँच ताजिए निकाले जाते हैं। इनमें एक हिन्दू परिवार का ताजिया होता है। इसके साथ ही कई छोटे ताजिए यहाँ के हिन्दू परिवारों से निकाले जाते हैं। यहाँ के हिन्दू मुहर्रम पर रोजा भी रखते हैं। ग्रामीण सुरेश चौधरी की पत्नी राजकुमारी देवी ने रोजा रखा हुआ है।

ठेपहाँ गाँव स्थित बड़ी मस्जिद के इमाम शमशुल हक का कहना है कि रोजा रखना और मुहर्रम मनाना नेकनियति पर निर्भर है। इसमें हिन्दू और मुसलमान का भेद नहीं है।