1. धर्म-संसार
  2. »
  3. धर्म-दर्शन
  4. »
  5. समाचार

गुरु सप्तमी समारोह शुरू

गुरु सप्तमी समारोह
ND

गुरुदेव राजेंद्रसूरीश्वरजी के जन्म तथा स्वर्गारोहण दिवस की तैयारियाँ अंतिम चरण की ओर हैं। मध्यप्रदेश के धार में स्थित श्री मोहनखेड़ा तीर्थ पर गुरु सप्तमी महोत्सव 22 दिसंबर से प्रारंभ होकर मुख्य समारोह 24 दिसंबर को मनाया जाएगा। गुरु सप्तमी के पूर्व ही तीर्थ पर गुरुभक्तों के आने का क्रम प्रारंभ हो गया है। तीर्थ पर महोत्सव की तैयारियाँ लगभग पूर्ण होकर ट्रस्ट द्वारा इस अवसर पर आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए विभिन्न व्यवस्था प्रबंधों के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियाँ सौंप दी गई हैं।

तीर्थ पर रविवार को बाँसवाड़ा से लगभग 175 किमी की दूरी पैदल तय करके 35 गुरुभक्त मोहनखेड़ा पहुँचे। ये सभी यात्री 15 दिसंबर को बाँसवाड़ा से निकले थे। बाँसवाड़ा के महावीर सेठिया ने बताया कि इस यात्रा का क्रम गत 6 वर्षों से अनवरत चल रहा है। प्रारंभ में इसमें 5 व्यक्ति थे किंतु प्रत्येक वर्ष यह संख्या बढ़ती गई और अब 35 व्यक्ति एकसाथ पैदल चलकर तीर्थ पर गुरुदेव को श्रद्घासुमन अर्पित करने आए हैं। यात्रा के मार्ग में कई स्थानों पर यात्रियों का जैन श्रीसंघों द्वारा स्वागत किया गया। गुरु सप्तमी के एक दिन पूर्व 23 दिसंबर को भी मुंबई से एक गुरुभक्त 750 किलोमीटर की यात्रा कर मोहनखेड़ा तीर्थ पहुँचेगा।

ज्योतिष सम्राट मुनिश्री ऋषभचन्द्रविजयजी 'विद्यार्थी' एवं अन्य मुनि मंडल गुरु सप्तमी महोत्सव को निश्रा प्रदान करने के लिए तीर्थ पर विराजित हैं। गुरु सप्तमी पर्व पर तीर्थ पर साज-सज्जा का क्रम अनवरत जारी है। सभी धर्मशालाओं पर झिलमिलाती रोशनी की गई है। रोशनी में नहाया संपूर्ण तीर्थ परिसर सभी को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।