• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. woman complaint against sandeep kumar
Written By
Last Updated : शनिवार, 3 सितम्बर 2016 (23:40 IST)

सेक्स स्कैंडल मामला : संदीप कुमार गिरफ्तार, कोर्ट में होगी पेशी

sandeep kumar
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार से बर्खास्त पूर्व मंत्री संदीप कुमार की मुश्किल और बढ़ गई है, क्योंकि कुछ दिन पहले सामने आई एक आपत्तिजनक सीडी में उनके साथ जो महिला दिखाई दी है, उसने कुमार पर कथित तौर पर नशीला पेय पिलाकर बलात्कार करने का आरोप लगाया है। दिल्ली पुलिस ने संदीप कुमार को गिरफ्‍तार कर लिया है। 

विक्रमजीत सिंह डीसीपी बाहरी दिल्ली ने बताया कि महिला की शिकायत पर संदीप कुमार के विरुद्ध कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। डीसीपी ने कहा कि बाहरी दिल्ली से संदीप कुमार को गिरफ्तार किया गया है। डीसीपी ने कहा कि अभी तक के सबूतों के आधार पर संदीप कुमार को गिरफ्तार किया गया है। 
 
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि महिला ने शनिवार को सुल्तानपुरी थाने में कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ बलात्कार किया गया। महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि कुमार के मंत्री बनने के बाद सीडी बनाई गई।
 
सूत्रों के मुताबिक, महिला ने दावा किया कि वह राशन कार्ड बनवाने में मदद के लिए कुमार के पास गई थी। उससे मंत्री के दफ्तर में इंतजार करने को कहा गया और फिर कोल्ड ड्रिंक पीने को दी गई जिसमें कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिलाया गया था।
 
सूत्रों के अनुसार, जब महिला होश में नहीं थी तो कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। महिला ने दावा किया कि उसे सीडी बनने की बात नहीं पता थी।  दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि अगर आरोप सच साबित होते हैं तो कुमार को कड़ी सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा, अगर महिला के आरोप सही हैं तो बहुत गंभीर बात है। संदीप को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। 
 
इससे पहले आम आदमी पार्टी ने आज दिन में संदीप कुमार को पार्टी से निलंबित कर दिया था। कुछ दिन पहले सीडी सामने आने के बाद उन्हें दिल्ली सरकार के मंत्री पद से हटाया गया था। (भाषा)