आप के दो विधायकों पर हिंसा भड़काने का मामला
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी थाने पर पुलिस के साथ हिंसक झड़प को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के दो विधायकों और कुछ समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बुराड़ी से विधायक संजीव झा और मॉडल टाउन से विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन उनके नाम प्राथमिकी में हैं।
झड़प में 9 पुलिसकर्मी और झा सहित आप के 6 सदस्य घायल हुए हैं। झड़प उस वक्त आरंभ हुई जब झा के वाहन को थाने में नहीं जाने दिया गया।
झा और उनके समर्थक प्रधान एनक्लेव कालोनी से एक बच्चे का कथित तौर पर अपहरण करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने पहुंचे थे।
इसके कुछ देर बाद त्रिपाठी भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए। आप के कार्यकर्ता ने पुलिस पर पथराव किया तो पुलिस ने लाठियां भांजीं। झड़प में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मधुर वर्मा ने कहा कि आप विधायक के वाहन की पहचान नहीं थी, इस पर कोई स्टिकर नहीं था इसलिए उसे रोक दिया गया। इस मुद्दे को लेकर कुछ असामाजिक तत्व पथराव करने लगे। हमने प्राथमिकी दर्ज की है जिसमें दो विधायकों के नाम भी शामिल हैं। (भाषा)