सोमवार, 28 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Uttar Pradesh assembly elections, SP, BSP, BJP
Written By
Last Modified: रविवार, 6 नवंबर 2016 (18:35 IST)

सपा के गुंडाराज व बसपा के भ्रष्टाचार को उजागर करने पर जोर

सपा के गुंडाराज व बसपा के भ्रष्टाचार को उजागर करने पर जोर - Uttar Pradesh assembly elections, SP, BSP, BJP
नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश में आसन्न विधानसभा चुनाव के प्रचार में भाजपा का मुख्य जोर विकास के एजेंडे पर होगा और वह समाजवादी पार्टी के गुंडाराज और बसपा के भ्रष्टाचार को संगीतमय नारों और गीतों के माध्यम से जनता के समक्ष रखेगी और लोगों से जुड़ने का प्रयास करेगी।
 
भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि हम सपा और बसपा के साथ जुड़े नकारात्मक लोगों को उजागर करेंगे और अपने सकारात्मक एजेंडे को जनता के समक्ष पेश करेंगे। सपा सरकार के दौरान राज्य में गुंडाराज देखा जा सकता है और बसपा के दौरान भी राज्य में भ्रष्टाचार देखा गया। हमारे चुनाव प्रचार अभियान में इसको उजागर करना अहम होगा। 
 
उन्होंने कहा कि हम महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों, रोजगार के लिए युवाओं के पलायन और जमीन पर जबरन कब्जा करने की घटनाओं को उठाएंगे, इसके साथ ही हम विकास के एजेंडे और कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को भी सामने रखेंगे। भाजपा ने उत्तरप्रदेश में आसन्न विधानसभा चुनान के प्रचार के लिए 7-8 नारे चुने हैं जिन्हें प्रचार रथ और रेडियो पर प्रसारित किया जाएगा। इन्हें उत्तरप्रदेश के सभी 403 विधानसभा सीटों में पहुंचाया जाएगा।
 
भाजपा उत्तरप्रदेश में आसन्न चुनाव के लिए 4 परिवर्तन यात्रा निकाल रही है जिसमें शनिवार को सहारनपुर से पहली यात्रा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हरी झंडी दिखाई थी। भाजपा अपने चुनाव प्रचार को धारदार बनाने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक रथ लगाएगी। पार्टी ने चुनाव प्रचार को सुव्यवस्थित बनाने के लिए 2 जानी-मानी विज्ञापन एजेंसियों की सेवाएं ली हैं।
 
भाजपा देश के महत्वपूर्ण और हिन्दी पट्टी के केंद्र माने जाने वाले राज्य उत्तरप्रदेश में सत्ता हासिल करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। भाजपा का मुख्य मुकाबला राज्य में सत्तारूढ़ सपा और मायावती के नेतृत्व वाली बसपा से है। भाजपा को साल 2014 के लोकसभा चुनाव में जबर्दस्त जीत हासिल हुई थी और उसने राज्य की 80 लोकसभा सीटों में से 71 पर जीत हासिल की थी। (भाषा)
ये भी पढ़ें
झांसी में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सपा और बसपा पर बरसे...