• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Shivpal launches new party, Mulayam Singh will be new president
Written By
Last Updated :लखनऊ , शुक्रवार, 5 मई 2017 (15:41 IST)

शिवपाल यादव ने बनाई नई पार्टी, मुलायम सिंह होंगे अध्‍यक्ष

Shivpal Singh yadav
लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को उस समय करारा झटका लगा जब उनके चाचा शिवपाल यादव ने नई पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया। इस पार्टी की कमान मुलायम सिंह यादव खुद संभालेंगे।
 
अखिलेश यादव से सपा अध्यक्ष का पद छोड़कर इसे मुलायम सिंह यादव को सौंपने की लगातार मांग कर रहे वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने सामाजिक न्याय के लिए एक सेक्युलर मोर्चा के गठन का ऐलान करते हुए कहा कि सपा संस्थापक मुलायम उसके अध्यक्ष होंगे।
 
शिवपाल ने इटावा में अपने बहनोई अजंट सिंह के घर पर मुलायम के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा 'सामाजिक न्याय के लिए सेक्युलर मोर्चा बनेगा और नेताजी उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि इस मोर्चे का स्वरूप कैसा होगा और यह किस प्रकार काम करेगा।
 
मालूम हो कि सपा विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल ने पिछले दिनों कहा था कि अखिलेश अपने वादे के मुताबिक मुलायम को पार्टी अध्यक्ष पद सौंपें। अगर अखिलेश ऐसा नहीं करते हैं तो वह अलग सेक्युलर मोर्चा बनाएंगे। अब शिवपाल ने इस मोर्चे का ऐलान कर दिया है, लिहाजा माना जा रहा है कि मुलायम ने अखिलेश के बारे में अंतिम निर्णय ले लिया है।
 
गत एक जनवरी को पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में सपा अध्यक्ष चुने गये अखिलेश ने हाल में सम्पन्न विधानसभा चुनाव से ऐन पहले कहा था कि मुलायम सिर्फ तीन महीने के लिये उन्हें सारे अधिकार सौंप दें। चुनाव के बाद वह सारे अधिकार उन्हें लौटा देंगे। चुनाव में सपा को 403 में से महज 47 सीटें मिलने के बाद पार्टी के अंदर अखिलेश के खिलाफ आवाज उठने लगी थी। शिवपाल ने अनेक बार कहा कि अखिलेश को अब अपना वादा पूरा करना चाहिए।
 
हालांकि अखिलेश इस सवाल पर कहते हैं कि पहले इस बारे में पार्टी का संविधान पढ़ लिया जाए, उसके बाद कोई बात की जाए। (भाषा)