• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Sheila Dikshit, Uttar Pradesh assembly elections
Written By
Last Updated : गुरुवार, 14 जुलाई 2016 (18:40 IST)

उप्र चुनाव में शीला दीक्षित होंगी कांग्रेस मुख्यमंत्री उम्मीदवार

Sheila Dikshit
नई दिल्ली। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता शीला दीक्षित उत्तरप्रदेश में अगले वर्ष के शुरू में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार होंगी।  
 
 यह घोषणा कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी तथा उत्तरप्रदेश के प्रभारी महासचिव गुलाम नबी आजाद ने गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में की। 
 
78 वर्षीय श्रीमती दीक्षित उत्तरप्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री रहे उमाशंकर दीक्षित की पुत्रवधू हैं और वे 15 साल तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रही हैं। पार्टी ने उनके अनुभव और दिल्ली में उनके शासनकाल में हुए विकास कार्यों को देखते हुए उन्हें उत्तरप्रदेश में अपना चेहरा बनाया है। 
 
कांग्रेस ने गत मंगलवार को ही राज्यसभा सांसद राज बब्बर को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था। पार्टी ने गुरुवार को उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार समिति का गठन भी कर दिया जिसके अध्यक्ष राज्यसभा सदस्य संजय सिंह बनाए गए हैं। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह को प्रदेश में वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। (वार्ता)