शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Shahdol Lok Sabha seat, voting, central government
Written By
Last Modified: शनिवार, 19 नवंबर 2016 (22:29 IST)

शहडोल लोकसभा सीट पर 41% मतदान

शहडोल लोकसभा सीट पर 41% मतदान - Shahdol Lok Sabha seat, voting, central government
भोपाल। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हो रहे उपचुनाव में शनिवार दोपहर 1 बजे तक शहडोल लोकसभा सीट पर 41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि नेपानगर विधानसभा सीट पर 53.28 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
केंद्र सरकार के नोटबंदी के निर्णय के बाद हो रहे इस उपचुनाव को अहम माना जा रहा है और इसे नोटबंदी के बाद सत्तारुढ़ भाजपा के लिये पहली बड़ी चुनावी परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है। मध्यप्रदेश की यह दोनों सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित हैं।
 
मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सलीना सिंह ने यहां संवाददाताओं को बताया कि दोपहर एक बजे तक शहडोल लोकसभा सीट पर तकरीबन 41 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि नेपानगर विधानसभा सीट के लिए 53.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
 
उन्होंने बताया कि दोनों सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। प्रारंभ में विकास के अभाव में शहडोल लोकसभा सीट की पांच मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं द्वारा उपचुनाव का बहिष्कार किया गया था, लेकिन बाद में जब संबंधित अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी तो वे मतदान प्रक्रिया में भाग लेने के लिए सहमत हो गए।
 
शहडोल लोकसभा सीट पर 17 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि नेपानगर विधानभा सीट से केवल चार उम्मीदवार ही अपना भाग्य अजमा रहे हैं। शहडोल सीट में 16,00,787 मतदाता तथा नेपानगर सीट में 2,30,420 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। 
 
कांग्रेस ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री दलबीर सिंह और शहडोल लोकसभा क्षेत्र से पूर्व सांसद राजेश नंदिनी सिंह की बेटी हिमाद्री सिंह को उम्मीदवार बनाया है, तो भाजपा ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं आदिवासी नेता ज्ञान सिंह को इस सीट पर मैदान में उतारा है। 
 
वहीं, नेपानगर विधानसभा क्षेत्र के लिये कांग्रेस ने क्षेत्र के आदिवासी नेता अंतरसिंह बद्रे को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा ने इस क्षेत्र से विधायक रहे दिवंगत राजेन्द्र श्यामलाल दादू की बेटी मंजू दादू को अपना प्रत्यशी बनाकर क्षेत्र के मतदाताओं की सहानभूति हासिल करने की कोशिश की है।
 
भाजपा सांसद दलपतसिंह परस्ते के निधन के कारण शहडोल लोकसभा क्षेत्र में उप चुनाव हो रहा है, जबकि नेपानगर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव यहां से भाजपा विधायक राजेन्द्र श्यामलाल दादू की सड़क हादसे में निधन होने के कारण हो रहा है।
 
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में शहडोल से भाजपा सांसद परस्ते ने कांग्रेस की राजेश नंदिनी को 2.14 लाख मतों के अंतर से पराजित किया था। यहां से वर्तमान भाजपा प्रत्याशी ज्ञान सिंह इस सीट से वर्ष 1996 और वर्ष 1998 में दो दफा विजयी हो चुके हैं।
 
शहडोल ससंदीय क्षेत्र में 2,070 मतदान केंद्र हैं, जबकि नेपानगर विधानसभा क्षेत्र के 296 मतदान केंद्र हैं। इन केन्द्रों पर 4,000 से अधिक ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) स्थापित किए गए हैं, जिनके जरिए मतदाता अपनी पसंद के उम्मीदवार का चुनाव कर रहे हैं। ईवीएम पर प्रत्याशियों के फोटो भी लगाए गए हैं। मतों की गणना 22 नवंबर को होगी और 24 नवंबर तक उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। (भाषा)
ये भी पढ़ें
शादियों के लिए अगले सप्ताह से मिल सकती है नकद राशि