बंगाल की खाड़ी पर दबाव, भारी वर्षा की संभावना
भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में दबाव कम रहने के कारण विक्षोभ बढ़ने के साथ ही मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को अगले 24 घंटे में ओडिशा के कुछ भागों में तेज हवाएं चलने और तेज समुद्री लहरें उठने के साथ भारी बारिश होने की चेतावनी दी है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि अगले 24 घंटों में ओडिशा के ज्यादातर भागों में बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तरी ओडिशा के एक या दो जगहों पर मूसलधार व काफी तेज बारिश हो सकती है तो वहीं दक्षिण ओडिशा के भी एक या दो जगहों पर भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।
मौसम की स्थिति को देखते हुए, ओडिशा के सभी बंदरगाहों पर लोकल कॉशनरी सिग्नल नं. 3 (एलसी-3) ही तैनात रहेगा।
मौसम विभाग की ओर से कहा गया कि उत्तर-पश्चिम की तरफ से 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और तूफान आ सकता है और ओडिशा के तटीय भागों के पास इसकी रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। (भाषा)