केजरीवाल के घर के बाहर भाजपा पार्षदों का प्रदर्शन
नई दिल्ली। तीन महापौरों के नेतृत्व में भाजपा नीत एमसीडी के कई पार्षदों ने आप सरकार द्वारा उनकी बकाया राशि जल्द जारी किए जाने की मांग करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया।
भाजपा पार्षदों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान केजरीवाल सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और नगर निकायों की कार्यप्रणाली पर चर्चा करने के लिए दिल्ली विधानसभा का 2 दिवसीय विशेष सत्र आहूत करने के लिए उसकी निंदा की और कहा कि ऐसा नगर निगमों को नीचा दिखाने के इरादे से किया गया।
पार्षदों और महापौरों ने आरोप लगाया कि सरकार ने अभी तक चौथे वित्त आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं की है जिसके कारण सभी भाजपा नियंत्रित नगर निकायों को फंड की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पार्षदों और 3 महापौरों को शांत करने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और वह उन्हें निकटवर्ती पुलिस थाने ले गई, जहां से उन्हें कुछ देर बाद रिहा कर दिया गया।
तीनों एमसीडी- पूर्वी दिल्ली नगर निगम, उत्तरी दिल्ली नगर निगम और दक्षिण दिल्ली नगर निगम ने गुरुवार से 2 दिवसीय विशेष सत्र बुलाने के सरकार के निर्णय के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए 9 जून को रामलीला मैदान में एक दिवसीय संयुक्त सत्र आहूत किया है। (भाषा)