शुक्रवार, 27 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. भारत में अवैध रूप से घुसी अमेरिकी महिला फरीदा को दिल्ली भेजने की तैयारी
Written By निष्ठा पांडे
Last Updated : शनिवार, 29 मई 2021 (14:42 IST)

भारत में अवैध रूप से घुसी पाक मूल की अमेरिकी महिला फरीदा को दिल्ली भेजने की तैयारी

Farida Malik | भारत में अवैध रूप से घुसी अमेरिकी महिला फरीदा को दिल्ली भेजने की तैयारी
अल्मोड़ा। नेपाल के रास्ते भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने के जुर्म में बनबसा इमीग्रेशन चेकपोस्ट में पकडी गई पाक मूल की अमेरिकी नागरिक महिला फरीदा मलिक को शनिवार को मेडिकल के बाद अल्मोड़ा से दिल्ली भेजने की तैयारी है। जहां से जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वह अमेरिका के लिए रवाना हो जाएगी। ज्ञात रहे कि फरीदा का मूल पाकिस्तान है जबकि वह अमेरिकी नागरिक है। भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने के जुर्म में फरीदा मलिक अल्मोड़ा जेल में सजा काट चुकी है।

 
फरीदा पर आरोप यह था कि गत 12 जुलाई 2019 को उसने नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश किया था। वह नेपाल की एक यात्री बस में सवार होकर बनबसा होते हुए दिल्ली जाने के लिए प्रयास कर रही थी। 2019 में गिरफ्तार हुई फरीदा का पासपोर्ट तो बना था, लेकिन उसमें भारत का वीजा नही था। यह महिला किस उद्देश्य से भारत में प्रवेश कर रही थी, इसका खुलासा नहीं हुआ है। शुक्रवार को बनबसा पुलिस फरीदा को लेने अल्मोड़ा जिला कारागार आई थी। अब वैधानिक कार्रवाई पूरी होने के बाद उसे दिल्ली के रास्ते वापस अमेरिका भेजा जा रहा है।

 
बनबसा स्थित इमिग्रेशन चेक पोस्ट अधिकारी इंद्र सिंह के अनुसार वीजा के बगैर नेपाल से भारत में प्रवेश करने के जुर्म में उसे बनबसा पुलिस के सुपुर्द किया गया था। पुलिस जांच में यह पता चला कि फरीदा के पास 3 पासपोर्ट थे जिसके बाद उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। कुछ समय पूर्व न्यायालय ने उसे जमानत पर छोड़ दिया था। इसके बाद भी तारीखों पर जब वह हाजिर नहीं हुई तो उसके खिलाफ वॉरंट निकला। बाद में उसे पुन: गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। आज शनिवार को मेडिकल परीक्षण के बाद उसे दिल्ली ले जाने को तैयारी पूरी कर ली गई है।
ये भी पढ़ें
अब गरारे से होगी कोरोना जांच, ICMR ने दी नए 'सेलाइन गार्गल' को मंजूरी