शनिवार, 26 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Police Bjp workers collission in balia
Written By
Last Modified: बलिया , शनिवार, 13 अगस्त 2016 (12:11 IST)

बलिया में पुलिस-भाजपा कार्यकर्ताओं में संघर्ष, 1 की मौत

बलिया में पुलिस-भाजपा कार्यकर्ताओं में संघर्ष, 1 की मौत - Police Bjp workers collission in balia
बलिया। उत्तरप्रदेश में बलिया के नरही थाने पर पशु व्यापारी को छुड़ाने के लिए धरना दे रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुए संघर्ष में 1 व्यक्ति की मृत्यु हो गई और 2 पुलिसकर्मियों समेत 5 घायल हो गए। भाजपा का आरोप है कि पुलिस की गोली से कार्यकर्ता की मृत्यु हुई है, जबकि पुलिस गोली चलाने से इंकार कर रही है।
 
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा ने बताया कि नरही थाने की पुलिस ने गत बृहस्पतिवार को ट्रक में वध के लिए ले जाए जा रहे 7 पशुओं को पकड़ा था। इसमें चोरवा के मठिया निवासी चन्द्रमा यादव को पुलिस ने आरोपी बनाया था। उसी दिन भाजपा विधायक उपेन्द्र तिवारी सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ नरही थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
 
विधायक का कहना था कि आरोपी चन्द्रमा यादव गायों और बछड़ों को संत कबीरनगर के मेले से खरीदकर लाया था। पुलिस ने वसूली के लिए न केवल उसके पशुओं को पकड़ा है बल्कि उसके पास के 50 हजार रुपए भी छीन लिए। विधायक पुलिस पर लूट एवं छिनैती का मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे। 
 
भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद दुबे का कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने शुक्रवार देर रात अचानक लाठीचार्ज कर दिया, फिर आंसू गैस के गोले छोड़े और गोलियां चलाईं। जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि पुलिस की गोली से भाजपा कार्यकर्ता विनोद राय (35) की मृत्यु हो गई। 3 कार्यकर्ता मुन्ना बहादुर सिंह, अमित उपाध्याय, मुक्तेश्वर सिंह घायल हो गए। 
 
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस द्वारा गोली चलाने से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता की मृत्यु कैसे हुई है, इसका पता पोस्टमॉर्टम के बाद चलेगा। (वार्ता) 
 
ये भी पढ़ें
कश्मीर में अलगाववादियों की 'जनमत संग्रह रैली' विफल