मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: दिल्ली जा रही बस ट्रेलर में घुसी, 4 की मौत
उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार वाल्वो बस गिट्टी से भरे एक ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। भीषण हादसे में मौके पर ही 4 लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि बस में सवार करीब 17 यात्री घायल हो गए।
लखनऊ से दिल्ली की तरफ जा रही थी बस
सीओ महावन संजीव कुमार ने बताया कि यह दुर्घटना सोमवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे घटित हुई। दुर्घटनाग्रस्त बस लखनऊ से सवारियां लेकर दिल्ली की ओर जा रही थी। गिट्टी से भरे ट्रेलर को बस ने पीछे से टक्कर मारी। हादसे में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
चार लोगों की मौके पर ही मौत
स्थानीय लोगों और एक्सप्रेसवे कर्मियों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में चार लोगों की मृत्यु हो गई है। घायल यात्रियों में से कुछ की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
edited by : Nrapendra Gupta

