sundarkand
✕

पत्थरबाजों का कहर बरपा, कई पर्यटक और स्कूली बच्चे जख्मी हुए

Updated: बुधवार, 2 मई 2018 (20:53 IST)
श्रीनगर। कश्मीर में अब पत्थरबाजों का कहर जबरदस्त रूप में बरसने लगा है। कल रात को उन्होंने पत्थरबाजी कर केरल के 7 के करीब पर्यटकों को जख्मी कर दिया था तो आज सुबह स्कूली बच्चों की बस पर भी पत्थर बरसाए गए तो 4 जख्मी हो गए। इनमें से एक की दशा नाजुक है।

हालांकि आतंकियों ने भी एक विधायक के घर पर पेट्रोल बम फेंक कर अपनी उपस्थिति दर्ज करवा दी। शोपियां में ही बुधवार को एक स्कूल बस पर शरारती तत्वों के पथराव में चार छात्र जख्मी हो गए। एक छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने दो छात्रों के ही जख्मी होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस कृत्य में शामिल तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार एक निजी स्कूल रेनबो इंटरनेशनल स्कूल की बस छात्रों को लेकर स्कूल की तरफ जा रही थी। बस में लगभग 50 छात्र और अध्यापक सवार थे। जब यह बस शोपियां के जावूरा इलाके में पहुंची तो वहां मौजूद शरारती तत्वों ने भड़काऊ नारेबाजी करते हुए इस बस पर पथराव कर दिया।

चालक ने बस को पत्थरबाजों से दूर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बस की कई खिड़कियों के शीशे टूट गए थे और भीतर बैठे चार छात्र जख्मी भी हो गए। इससे पहले कल रात को दक्षिण कश्मीर के अशमुकाम (अनंतनाग) में शरारती तत्वों की ओर से किए जा रहे पथराव में फंसकर केरल से कश्मीर घूमने आए सात पर्यटक घायल हो गए। पथराव में उनके चार वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम को पहलगाम से पर्यटकों का एक दल श्रीनगर अपने होटल की तरफ लौट रहा था। केरल से आए इन पर्यटकों की संख्या 47 बताई जाती है और यह सभी चार टैंपो वाहन में सवार थे। अशमुकाम के पास जब पर्यटकों के वाहन पहुंचे तो वहां पहले से ही पुलिस और शरारती तत्वों के बीच जारी हिंसक झड़पों में वे फंस गए।

रात आठ बजे शरारती तत्वों द्वारा फेंके गए पत्थर पर्यटकों के वाहनों की खिड़कियों के शीशे तोड़कर भीतर बैठे लोगों को भी लगे। इसमें सात लोग जख्मी हो गए। पुलिस के साथ स्थानीय लोगों ने पर्यटकों के वाहनों को निकाला और सभी घायलों को निकटवर्ती उपजिला अस्पताल सीर पहुंचाया। जहां दो पर्यटकों के सिर पर टांके लगाने पड़े, और अन्य को भी उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

पर्यटकों के गाइड शीनिल ने बताया कि हम लोग पहलगाम से श्रीनगर की तरफ लौट रहे थे। रास्ते में एक मस्जिद के पास जमा भीड़ में से कुछ लोगों ने हमारी गाड़ियों पर पथराव किया, लेकिन वहां मौजूद अन्य लोग हमारे बचाव में आए और उन्होंने हमें अपने वाहनों में अस्पताल पहुंचाया।

इसके बाद पुलिस के एक दस्ते के साथ सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) पहलगाम हमारे साथ श्रीनगर हमारे होटल तक आए। एसडीएम पहलगाम मोहम्मद अशरफ ने कहा कि अशमुकाम में एक धार्मिक समागम चल रहा था। वहां 10 से 15 हजार के करीब लोग जमा हुए थे। अचानक वहां कोई अप्रिय घटना हुई और उसके बाद वहां पथराव शुरू हो गया था।

इसी दौरान केरल के पर्यटकों के वाहन वहां से गुजरे और पथराव की चपेट में आ गए। कुछ लोग जख्मी हुए, लेकिन सभी सुरक्षित हैं और उन्हें बाद में हमने सकुशल श्रीनगर के होटल में पहुंचाया गया। इस बीच दक्षिण कश्मीर के शोपियां में बुधवार को सत्ताधारी पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के मुख्य सचेतक और विधायक मोहम्मद युसुफ बट का मकान शरारती तत्वों के पेट्रोल हमले में क्षतिग्रस्त हो गया।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शोपियां से मिली सूचनाओं में बताया गया है कि ममेंदर गांव में पीडीपी विधायक मोहम्मद युसुफ का मकान है। इसी मकान पर शरारती तत्वों ने पेट्रोल बम फेंका और इससे लगी आग में मकान की खिड़कियों ने आग पकड़ ली। आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया।

पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इन हमलों की निंदा की। उमर ने ट्वीट किया कि स्कूली बच्चों या पर्यटकों की बसों पर पथराव से कैसे इन पत्थरबाजों के एजेंडे को बढ़ाने में मदद मिलती है? इन हमलों की एकजुट होकर निंदा करनी चाहिए और मेरा यह ट्वीट इसका हिस्सा है, वहीं मुख्यमंत्री महबूब मुफ्ती ने इस घटना की निंदा करते हुए ट्वीट किया है।

उन्होंने लिखा है कि शोपियां में स्कूली बस पर हमले की घटना के बारे में जानकर हैरान हो रही है। गुस्सा भी आ रहा है। इस तरह का कुकृत्य करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। पत्थरबाजों पर सेना की बढ़ती सख्ती का असर साफ देखने को मिल रहा है। यह घटना पत्थरबाजों में बौखलाहट का नतीजा है।
लेखक के बारे में
सुरेश एस डुग्गर
सुरेश डुग्गर वेबदुनिया के लिए जम्मू कश्मीर से समाचार संकलन के लिए अधिकृत हैं। वे तीन दशक से ज्यादा समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं।.... और पढ़ें

Show comments

अभिजीत दीपके का बड़ा बयान, CJP के प्रोटेस्‍ट पर लगेगा ब्रेक, जानिए क्‍यों लिया यह फैसला?

आतंकियों को पनाह देने वालों पर रक्षामंत्री राजनाथ का कड़ा प्रहार, SCO की बैठक में बोले- नहीं चलेगा दोहरा रवैया...

PM मोदी ने दशहरे पर RSS प्रमुख मोहन भागवत के संबोधन की क्‍यों की तारीफ? बोले- आपका बयान प्रेरणादायी है...

अक्टूबर के अंत तक आ सकता है परिसीमन बिल? दक्षिण के दल बदल रहे हैं सुर

CJP नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास की बढ़ीं मुश्किलें, क्राइम ब्रांच को सौंपा गया केस, क्या बोले अभिजीत दिपके

सभी देखें

टाइगर नहीं सलमान थे असली टारगेट, शूटर्स ने की थी घर की रेकी

पेरिस से लौटे पंजाब सीएम भगवंत मान को दिल्ली एयरपोर्ट पर 3 घंटे रोका, काटा 50 हजार का चालान

मेरठ में 200 करोड़ रुपए के निवेश से स्थापित होगी क्रिटिकल मिनरल और रेयर अर्थ रिफाइनरी

CM भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक, इन बड़े मुद्दों पर होगा मंथन

LIVE: पुलिस स्मृति दिवस पर क्या बोले पीएम मोदी?

अगला लेख