ramcharitmanas
Tue, 27 Oct 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Helicopter crash in Balaghat

बिजली के तार में उलझा ट्रेनी विमान, दो पायलटों की मौत

Helicopter crash
बालाघाट। बालाघाट जिले के खैरलांजी इलाके में बुधवार सुबह एक ट्रेनी विमान बिजली के तार की चेपट में आकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दो पायलटों की मौत हो गई।
 
बालाघाट पुलिस महानिरीक्षक जी जनार्दन ने बताया कि महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के भारत सरकार के संस्थान नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ऐविएशन ट्रेनिंग एंड मैनेजमेंट के प्रशिक्षु विमान ने सुबह लगभग नौ बजे गोंदिया की बिरसी हवाईपट्टी से प्रशिक्षण के लिए उडान भरी थी।
 
विमान सुबह लगभग सवा 10 बजे महाराष्ट्र के भंडारा जिले और बालाघाट जिले के खैरलांजी की सीमा पर स्थित ग्राम पंचायत लावनी में हाईटेंशन तारों से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे विमान में सवार दोनों पायलटों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
 
उन्होंने शुरुआती जानकारी के हवाले से बताया कि विमान में एक महिला प्रशिक्षु पायलट और एक पुरुष पायलट सवार थे। महिला पायलट की पहचान दिल्ली निवासी हिमांशी कल्याण (24) और पुरुष पायलट की भंडारा निवासी रंजन गुप्ता (44) के तौर पर हुई है।
 
वायु सेना के सेवानिवृत कर्मचारी रंजन गुप्ता महिला प्रशिक्षु को प्रशिक्षण दे रहे थे। दोनों के शव संस्थान को सौंपे जा चुके हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित सांघी समेत खैरलांजी पुलिस बल घटनास्थल के लिए रवाना हो गया।
 
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विमान बिजली के तारों से टकरा कर बैनगंगा नदी के पास गिर गया। ऊंचाई से गिरने के कारण तेज आवाज के साथ विमान के टुकड़े-टुकड़े हो गए। (वार्ता)