1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Hardik Patel

बचपन की दोस्त किंजल के साथ विवाह बंधन में बंधे हार्दिक, कहा- साथ मिलकर लड़ेंगे आगे की लड़ाई

Hardik Patel
अहमदाबाद। पाटीदार आरक्षण आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल रविवार को अपनी मंगेतर तथा बचपन की मित्र किंजल पारीख के साथ विवाह बंधन में बंध गए। विवाह से जुड़ीं रस्मों की शुरुआत शनिवार को ही उनके गृहनगर अहमदाबाद जिले के वीरमगाम के झालावाड़ी सोसायटी स्थित आवास पर शुरू हुई थी। यहीं से बारात भी निकली।
 
 
25 वर्षीय हार्दिक की शादी किंजल के साथ सुरेन्द्रनगर जिले के दिगसर गांव के एक मंदिर में हुई। इसमें केवल परिजनों को ही शामिल किया गया था तथा बाहर से किसी राजनेता अथवा अन्य को नहीं बुलाया गया। दिगसर किंजल का पैतृक गांव है, पर उनका परिवार सूरत में रहता है। वे फिलहाल कानून की पढ़ाई कर रही हैं। दोनों की सगाई पहले ही हो चुकी थी।
 
हार्दिक शादी के बाद पत्नी के साथ मीडिया से मुखातिब हुए व कहा कि यह लव कम अरेंज्ड मैरेज है यानी दोनों में पहले प्रेम हुआ और छुप-छुपकर मिलने का सिलसिला! और अब परिवारजनों की स्वीकृति से दोनों की शादी हो गई। वे पुरुष और महिला की बराबरी के पक्षधर हैं और अपनी पत्नी के लिए भी बराबरी का भाव रखते हैं।
 
उन्होंने और उनकी धर्मपत्नी ने साथ मिलकर लोगों के हक और सच्चाई के लिए संघर्ष और लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया है। पहले वे अकेले थे और अब दोनों साथ-साथ इस संघर्ष में आगे बढ़ेंगे। हार्दिक ने कहा कि वे एक भोले इंसान हैं और भोले बाबा के भक्त भी हैं। (वार्ता)
अगला लेख
IndvsNz 3rd Odi: श्रृंखला जीतने के इरादे से उतरेगा भारत, हार्दिक पर रहेंगी नजरें