शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Give a chance to AAP, Manish Sisodia urges people of Gandhinagar
Written By
Last Modified: बुधवार, 29 सितम्बर 2021 (22:40 IST)

मनीष सिसोदिया ने गांधीनगर निकाय चुनाव में भरी हुंकार, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब

मनीष सिसोदिया ने गांधीनगर निकाय चुनाव में भरी हुंकार, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब - Give a chance to AAP, Manish Sisodia urges people of Gandhinagar
अहमदाबाद। आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने बुधवार को दावा किया कि गुजरात की राजधानी गांधीनगर के लोग बदलाव चाहते हैं और उनकी पार्टी सत्तारूढ़ भाजपा तथा विपक्षी दल कांग्रेस का एक मजबूत विकल्प बनकर उभरी है। गांधीनगर महानगर पालिका (जीएमसी) के 3 अक्टूबर को होने वाले चुनाव से पहले सिसोदिया एक रोड-शो में भाग लेने गांधीनगर आए थे। रोड शो में भारी जनसैलाब उमड़ा।
 
मनीष सिसोदिया ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि शहर के लोगों ने अतीत में कांग्रेस को मौका दिया था लेकिन पार्टी ने लोगों के जनादेश का अपमान किया और भाजपा को महानगर पालिका पर कब्जा करने में सहायता की। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गांधीनगर के लोग परिवर्तन चाहते हैं। ऐसा नहीं है कि भाजपा शुरू से यहां जीत रही है। अतीत में गांधीनगर के लोगों ने कांग्रेस को भी मौका दिया क्योंकि लोग भाजपा के शासन से खुश नहीं थे, लेकिन चूंकि कांग्रेस ही एक विकल्प था इसलिए लोगों ने बदलाव लाने के लिए उस पार्टी को वोट दिया।
 
सिसोदिया ने कहा कि लेकिन दुर्भाग्य से, कांग्रेस कमजोर रही। पार्टी ने लोगों के जनादेश को धोखा दिया और अंततः भाजपा को सत्ता हथियाने में उसकी सहायता की। लेकिन अब आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और भाजपा दोनों का मजबूत विकल्प बनकर उभरी है। मुझे पूरा विश्वास है कि हम इस चुनाव में जीतेंगे।
 
सिसोदिया जीएमसी के 2016 में हुए चुनाव का हवाला दे रहे थे जब कांग्रेस और भाजपा दोनों को 32 में से 16-16 सीटें मिली थीं। दोनों दलों को ‘ड्रा ऑफ लॉट्स’ के जरिए बोर्ड निर्माण करने का बराबरी का मौका मिला था, लेकिन अंत समय में कांग्रेस के पार्षद प्रवीण पटेल भाजपा में शामिल हो गए और निकाय संस्था में भाजपा को सत्ता में लाने में मदद की।
ये भी पढ़ें
गोरखपुर पुलिस पिटाई केस : कानपुर में मृतक प्रॉपर्टी डीलर के परिवार से मिलेंगे CM योगी, गर्माई यूपी की सियासत