dharma sangrah
Mon, 26 Oct 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. firre in lucknow hospital

लखनऊ के अस्पताल में भीषण आग, 5 की मौत, हड़कंप

firre in lucknow
लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के ट्रामा सेंटर में शनिवार को आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को दुःखद बताते हुए लखनऊ के मण्डलायुक्त को घटना की जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए ।
 
योगी ने कहा कि इसके लिए दोषी व्यक्तियों की जिम्मेदारी निर्धारित किया जाए, जिससे उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा सके। साथ ही इस प्रकार की घटना की भविष्य में पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए भी संस्तुतियां दी जाएं।
 
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंद मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्थिति को सामान्य करने हेतु सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही सुनिश्चित किया जाए कि वहां पर किसी भी प्रकार की अफरातफरी न फैले।
 
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को वहां पर भर्ती मरीजों की वैकल्पिक व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। राजधानी के किंग जार्ज मेडिकल विश्वविद्यालय के ट्रामा सेंटर में शाम को अचानक आग लग गई थी। अधिकारियों ने बताया कि आग इमारत की दूसरी मंजिल पर लगी थी। आग बुझाने के लिए मौके पर दमकल की छह गाड़ियां पहुंचीं।
 
जिलाधिकारी कौशल राज सिंह ने बताया कि दूसरे तल पर मौजूद सभी मरीजों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया। एहतियातन अन्य कुछ तल भी खाली करा लिये गये थे। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
 
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने बताया कि मरीजों को अन्य वार्डों में स्थानांतरित किया गया है। किसी के हताहत होने की आशंका से इंकार करते हुए उन्होंने कहा कि अभी हमारी मुख्य चिंता मरीजों की सुर​क्षा सुनिश्चित करना है।
 
बताया जाता है कि आग एयरकंडीशनर में शार्ट सर्किट की वजह से लगी और देखते ही देखते पूरे दूसरे तल पर फैल गई।