शनिवार, 5 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. 40 vehicles collides with each other due to fog in sikar
Written By
Last Updated :सीकर , रविवार, 3 फ़रवरी 2019 (14:14 IST)

राजस्थान में कोहरे के कारण 40 से अधिक वाहन भिड़े, 18 लोग घायल

fog
जयपुर। राजस्थान में सीकर जिले के खाटू श्यामजी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह घने कोहरे के कारण रोडवेज की 3 बसों, 4 निजी बसों और करीब 33 चारपहिया वाहनों की भिड़ंत में करीब 18 लोग घायल हो गए।
 
 
खाटू श्यामजी थाने के प्रभारी सुरेन्द्र कुमार सैनी ने बताया कि सीकर-जयपुर राजमार्ग पर पलसाना मोड से मंडा मोड़ चौहरे के बीच करीब एक से डेढ़ किलोमीटर के दायरे में रोडवेज बस, निजी बस और करीब 33 कार/जीपों की आपस में टक्कर हो गई। घने कोहरे के कारण हुए इस हादसे में करीब 18 लोग घायल हुए हैं।
 
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के सिलसिले में 27 शिकायतें खाटू श्यामजी थाने और करीब 25 शिकायतें रानोली थाने को मिली हैं। घायलों को 3 एम्बुलेंस से अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया। ज्यादातर लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
 
रानोली के थानाधिकारी महेन्द्र कुमार ने बताया कि घने कोहरे के कारण दृश्यता महज 1-2 फुट थी। ऐसे में सामने कुछ नजर नहीं आने की वजह से हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दिल्ली में छाया कोहरा : राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह बादल छाए रहने और घने कोहरे की वजह से ठिठुरन भरी सर्दी रही। शहर में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अधिकतम तापमान के 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जो कि साल के इस मौसम का सामान्य तापमान है। सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 95 प्रतिशत रहा। (वार्ता/ (भाषा)