Last Modified: मुंबई (भाषा) ,
शनिवार, 5 जनवरी 2008 (21:58 IST)
छेड़छाड़ मामले में शिनाख्त परेड
पुलिस ने यहाँ दो अनिवासी भारतीय महिलाओं के साथ छेड़छाड़ के सिलसिले में गिरफ्तार 14 आरोपियों की शनिवार को एक समाचार-पत्र के दो फोटोग्राफरों की मदद से शिनाख्त परेड कराई। इन फोटोग्राफरों ने घटना की तस्वीरें ली थीं।
एक अंग्रेजी दैनिक के वे दोनों फोटोग्राफर शनिवार को सुबह आर्थर रोड जेल पहुँचे और उन्होंने शिनाख्त परेड में पुलिस की मदद की।
अखबार के दोनों फोटोग्राफरों सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) अमरजीतसिंह उनके चालक और उनके साथ रहने वाले सिपाही के बयान विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए गए।
यहाँ की एक मेट्रोपोलिटन अदालत ने गुरुवार को को आधी रात के बाद हिरासत में लिए गए आरोपियों को 10 हजार रुपए की जमानत पर छोड़ने का आदेश दिया था। लेकिन वे जमानत और निजी मुचलका नहीं भर पाए इसलिए उन्हें जेल भेज दिया गया।
नववर्ष के मौके पर जुहू के एक होटल से निकली दो अनिवासी भारतीय महिलाओं के साथ भीड़ ने छेड़छाड़ की थी। पास ही मौजूद फोटोग्राफरों ने छेड़छाड़ करने वालों की तस्वीरें ले ली थी।