• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2013
  4. »
  5. राजस्थान
Written By WD

राजस्थान चुनाव में राज परिवार की महिलाएं...

राजस्थान चुनाव
राजस्थान विधानसभा चुनाव में इस बार राज परिवार से जुड़ी महिलाएं भी काफी सुर्खियां बटोर रही हैं। भाजपा ने पांच शाही महिलाओं को चुनाव के मैदान में उतारा है। प्रदेश भाजपा की मुखिया वसुंधरा राजे स्वयं राज परिवार से ताल्लुक रखती हैं। आइए जानते हैं राज परिवार से जुड़ी इन महिलाओं के बारे में जो इस बार चुनाव में भाग्य आजमा रही हैं...

KANAK MEDIA
वसुंधरा राजे : राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान विधानसभा में विपक्ष की नेता वसुंधरा राजे मध्यप्रदेश से लगे झालावाड़ जिले की झालरा पाटन सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं। वसुंधरा का जन्म 8 मार्च 1953 को मुंबई में हुआ था। राजे ग्वालियर के पूर्व महाराज जीवाजीराव सिंधिया और भाजपा की वरिष्ठ नेता स्व. विजया राजे सिंधिया की पुत्री हैं। उन्होंने तमिलनाडु से प्रारंभिक पढ़ाई पूरी करने के बाद मुंबई के सोफिया कॉलेज से राजनीति शास्त्र एवं इकॉनामिक्स से स्नातक की पढ़ाई पूरी की।

वसुंधरा राजे का विवाह धौलपुर के पूर्व राज परिवार के हेमंतसिंह से 17 नवंबर 1972 को हुआ। कुछ समय बाद उन्होंने भाजपा में शामिल हो गई। वो राजस्थान के झालरापाटन से 8वीं, 12वीं एवं 13वीं विधानसभा की सदस्य हैं।

वसुंधरा 1985 में राजस्थान भाजपा युवा मोर्चा की वाइस प्रेसिडेंट बनीं और 1987 में राजस्थान भाजपा की उपाध्यक्ष बनीं। दिसंबर 2003 में वे पार्टी अध्यक्ष बनीं और राज्य की पहली महिला मंख्यमंत्री बनीं। 2008 विधानसभा का चुनाव हारने के बाद वे जनवरी 2009 में राज्य विधानसभा में विपक्ष की नेता बनीं।

PR
रोहिणी कुमारी : राजस्थान के करौली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रोहिणी कुमारी का जन्म जोधपुर के राव इंद्रजीतसिंह गढ़ी के घर 21 अप्रैल 1962 को हुआ। इन्होंने जोधपुर में पढ़ाई पूरी की। वर्ष नवंबर 1980 में इनका विवाह कृष्णचंद्र पाल के साथ हुआ। इनका एक पुत्र एवं पुत्री है। वे पति के साथ पर्यटन संबंधी व्यवसाय भी संभालती हैं।

रोहिणी कुमारी वर्ष 2008 में भाजपा की सदस्य बनने के बाद विधायक बनीं। वे राजस्थान महिला एवं बाल कल्याण समिति की सदस्य भी हैं।

KANAK MEDIA
दीया कुमारी : राजस्थान के सवाई माधोपुर से भाजपा की प्रत्याशी व जयपुर के महाराज सवाई भवानीसिंह व महारानी पद्मिनी देवी की इकलौती पुत्री राजकुमारी दीया कुमारी का जन्म 30 जनवरी 1971 को हुआ। इन्होंने जयपुर के महारानी गायत्री देवी गर्ल्स पब्लिक स्कूल एवं नई दिल्ली स्कूल से शुरुआती पढ़ाई करने के बाद लंदन से आर्ट की पढ़ाई पूरी की। दीया ने चुनाव से कुछ ही समय पहले जयपुर में नरेन्द्र मोदी, राजनाथसिंह और वसुंधरा राजे की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।

दीया कुमारी ने शादी से पूर्व होटल राजपैलेस जयपुर, होटल जयपुर हाउस माउंट आबू और होटल लालमहल पैलेस के साथ जयपुर के दो स्कूलों का भी कार्यभार संभाला। उनकी शादी नरेन्द्रसिंह से हुई और इनके दो पुत्र एवं एक पुत्री हैं।
KANAK MEDIA
सिद्धी कुमारी : बीकानेर पूर्व भाजपा की उम्मीदवार सिद्धीकुमार वर्तमान में भी भाजपा से ही विधायक हैं। इनका जन्म 1973 में बीकानेर के पूर्व राजा नरेन्द्रसिंह बहादुर के घर हुआ था। इनके दादा डॉ. करणीसिंह बहादुर बीकानेर के महाराज थे। इन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से एमए तक की पढ़ाई पूरी की। वे लालगढ़ संग्रालय की निदेशक भी हैं।

GOV
कृष्णेन्द्र कौर दीपा : 1999 में राजस्थान के भरतपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद रह चुकीं कृष्णेन्द्र कौर जिले की नदबई विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं। वे वर्तमान में भी इसी क्षेत्र से विधायक हैं। भरतपुर के राजपरिवार (पिता राजा मानसिंह) से ताल्लुक रखने वालीं दीपा कृषि व्यवसाय से जुड़ी हैं। इन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई महारानी गायत्री देवी गर्ल्स पब्लिक स्कूल से की है।

कृष्णेन्द्र कौर का विवाह कुंवर विजयसिंह सिरोही के साथ 26 अप्रैल 1982 को हुआ। इनका एक पुत्र और एक पुत्री है। दीपा नदबाई विधानसभा सीट से 8वीं, 9वीं, 12वीं और 13वीं राजस्थान विधानसभा की सदस्य रही हैं। वे विधानसभा की कई कमेटियों की सदस्य भी रही हैं।

मीनाक्षी चंद्रावत : झालरा पाटन से कांग्रेस की प्रत्याशी और दो बार विधानसभा चुनाव हार चुकीं मीनाक्षी चंद्रावत हरीगढ़ के पूर्व महाराजा धनसिंह चंद्रावत की पुत्री हैं। उनके परिवार में महाराजा विवेकसिंह, महाराजा योगेन्द्रसिंह और महाराजा देवेन्द्र सिंह हैं, जो पूर्व में हरीगढ़ राज परिवार से थे। मीनाक्षी चंद्रावत खानपुर से 1998, 2003 में कांग्रेस पार्टी की विधायक रह चुकी हैं। झालरा पाटन में मीनाक्षी का मुकाबला भाजपा की वसुंधरा राजे से है।