• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2013
  4. »
  5. राजस्थान
Written By भाषा

भाजपा ने किया सरकार बनाने का दावा

भाजपा ने किया सरकार बनाने का दावा -
FILE
जयपुर। भाजपा ने मध्यप्रदेश एवं छतीसगढ़ में फिर से और दिल्ली तथा राजस्थान में सरकार बनाने का दावा करते हुए कहा है कि विधानसभा चुनाव मंहगाई और कांग्रेस के भ्रष्टाचार और कुशासन के मुद्दे पर लड़े जा रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता और राज्यसभा में प्रतिपक्ष के उपनेता रविशंकर प्रसाद रविवार को यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह सरकार की आर्थिक कुव्यवस्था और गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई बढ़ी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के कुशासन और भ्रष्टाचार भी एक बड़ा मुद्दा है। केंद्र सरकार और कांग्रेस शासित राज्य सरकारों के मुखिया इस मुद्दे पर जवाब नहीं देते हैं। साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी अपने भाषणों में इसका उल्लेख नहीं कर रहे हैं। इस बारे में प्रधानमंत्री के लिए वे कुछ नहीं कहना चाहते।

प्रसाद ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा भाजपा पर की गई टिप्पणी पर ऐतराज जताते हुए कहा कि वे भाजपा को जहरीली बता रही हैं, क्या मतलब है उनका? वे सच्चाई से कोसों दूर भाग रही हैं, मुद्दे पर बात क्यों नहीं कर रही हैं।

उन्होंने कांग्रेस की ओर से गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘फासीवादी’ और ‘हिटलर’ जैसे शब्दों का प्रयोग करने पर आपत्ति करते हुए कहा कि यह कांग्रेस की बौखलाइट और निराशा की निशानी है।

उन्होंने कहा कि आलोचना कीजिए लेकिन गलत शब्दों का इस्तेमाल न करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास इन बातों का जवाब नहीं है लेकिन आने वाले समय में जनता इन बातों का उत्तर देगी। (भाषा)