• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. लंदन ओलिम्पिक 2012
  4. »
  5. ओलिम्पिक समाचार
Written By भाषा

बुखार में किया भारतीय तीरंदाजों ने अभ्यास

बुखार में किया भारतीय तीरंदाजों ने अभ्यास -
WD
मौसम बदलने से भले ही उन्हें हल्का बुखार रहा हो लेकिन इसके बावजूद भारतीय तीरंदाज ओलिंपिक से पहले हवादार परिस्थितियों से तालमेल बिठाने के लिए हर दिन लॉर्ड्‍स का दौरा कर रहे हैं।

ठंड के बावजूद भारतीय तीरंदाज प्रत्येक दिन लार्डस जाकर वहां अभ्यास कर रहे हैं। तीरंदाज तरुणदीप राय ने कहा टीम के कुछ खिलाड़ी बीमार हैं और इसका कारण मौसम में बदलाव है। मैं अकेला हूं, जिसे कोई असर नहीं हुआ लेकिन मैं डरा हुआ हूं इसलिए खुद का बचाव कर रहा हूं।

उन्होंने कहा स्वदेश में मौसम काफी गर्म था और वहां उमस भी थी। जब हम यहां आए तो तापमान 20 डिग्री सेल्सियस था लेकिन यह प्रभाव अस्थायी है और हम अब मौसम का मजा ले रहे हैं।

तीरंदाजों ने अब तक लॉर्ड्‍स में अलग से बने अभ्यास स्थल में ही अभ्यास किया है और उन्हें मुख्य स्थल में अभ्यास का केवल एक मौका मिलेगा। पूर्व ओलंपियन और भारतीय कोच लिंबाराम ने कहा कि सभी तीरंदाजों के लिए यह सबसे बड़ी चुनौती है।

क्रिकेट को चाहने वाले तीरंदाज राय को उम्मीद है कि लॉर्ड्‍स फिर से भारतीय तीरंदाजों के लिए भाग्यशाली साबित होगा। इसी मैदान पर भारतीय क्रिकेट टीम ने 1983 में विश्व कप फाइनल जीता था।

उन्होंने कहा मैं क्रिकेट को चाहता हूं और लॉर्ड्‍स में खेलने को लेकर उत्साहित हूं। लॉर्ड्‍स भारतीय क्रिकेट टीम के लिए भाग्यशाली मैदान रहा है। मुझे उम्मीद है कि तीरंदाजी टीम के लिए भी यह भाग्यशाली साबित होगा। (भाषा)