• Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. एनआरआई
  4. »
  5. एनआरआई सिनेमा
Written By भाषा

शाहरुख येल विश्वविद्यालय में व्याख्यान देंगे

शाहरुख येल विश्वविद्यालय के शब फेलो

शाहरुख येल विश्वविद्यालय में व्याख्यान देंगे -
PR

वॉशिंगटन। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान अमेरिका के प्रतिष्ठित येल विश्वविद्यालय में व्याख्यान देंगे। शाहरुख यहां ‘शब फेलो’ के तौर पर शामिल होंगे।

विश्वविद्यालय ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि 46 वर्षीय अभिनेता शाहरुख इस फेलोशिप के तहत 12 अप्रैल को विश्वविद्यालय में एक व्याख्यान देंगे।

शब फेलोशिप येल विश्वविद्यालय के सर्वोच्च सम्मानों में से एक है। 1936 से शुरू हुई यह फेलोशिप अब तक उन राष्ट्राध्यक्षों, नोबेल पुरस्कार विजेताओं और विभिन्न क्षेत्रों के नायकों को दी जाती रही है, जिन्होंने येल के छात्रों को प्रेरित करने का काम किया है।

विश्वविद्यालय ने कहा कि अपनी फिल्मों और धमार्थ कार्यों के द्वारा शाहरुख अपनी पीढ़ी के उन नायकों में से एक रहे हैं, जिन्होंने कला क्षेत्र का प्रयोग उच्च मानवीय आदर्शों और आकांक्षाओं को बढ़ावा देने के लिए किया।

येल विश्वविद्यालय हर साल तीन या चार प्रतिष्ठित पुरुषों और महिलाओं को विजिटिंग शब फेलो के रूप में नियुक्त करता रहा है।

पूर्व में शब फेलोशिप से सम्मानित लोगों में जॉर्ज डब्ल्यू. बुश, रोनाल्ड रीगन और जिमी कार्टर जैसे पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति, ऑक्टावियो पाज, कालरेस फ्यूनटेस और टोनी मोरिसन जैसे लेखक, फिल्मकार सोफिया कपोला, वास्तुकार फ्रैंक गेहरी, नृत्य निर्देशक मिखाइल बैरीश्नीकोव और पत्रकार वॉल्टर क्रोनकाइट शामिल रहे हैं। (भाषा)