रविवार, 28 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By वार्ता
Last Modified: नई दिल्ली (वार्ता) , शनिवार, 3 नवंबर 2007 (22:29 IST)

मुशर्रफ ने असली रंग दिखाया-भाजपा

मुशर्रफ ने असली रंग दिखाया-भाजपा -
भाजपा ने पाकिस्तान में आपातकाल लगाने के राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ के फैसले की घोर भर्त्सना करते हुए कहा है कि ऐसा कर उन्होंने अपना 'असली रंग' दिखा दिया है।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा पूर्व विदेशमंत्री यशवंत सिन्हा ने शनिवार को कहा कि जनरल मुशर्रफ के पाकिस्तान में आपातकाल लगाने के फैसले से वहाँ लोकतंत्र की संभावना ही समाप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि जनरल मुशर्रफ ने सत्ता में बने रहने के लिए हताशा भरा अंतिम कदम उठाया है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान परमाणु हथियार संपन्न राष्ट्र है और अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद का मुख्य केन्द्र भी है ऐसी स्थिति में जनरल मुशर्रफ की कार्रवाई केवल पाकिस्तान या उसके आसपास नहीं अपितु दक्षिण एशिया और समूचे विश्व को प्रभावित करती है। सिन्हा के अनुसार अमेरिका पाकिस्तान में आपातकाल लगाने का विरोधी था, लेकिन जनरल मुशर्रफ के सामने उसकी एक नहीं चली।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में आपातकाल की भारत सरकार को कड़े शब्दों में निन्दा करनी चाहिए और सरकार को अंतरराष्ट्रीय समुदाय से बातचीत कर इस घटनाक्रम में कदम के खिलाफ आवाज उठाने की पहल करनी चाहिए ताकि वहाँ लोकतंत्र की बहाली हो सके।