Last Modified: नई दिल्ली ,
सोमवार, 10 अक्टूबर 2011 (14:37 IST)
जगजीत सिंह के निधन से बॉलीवुड स्तब्ध
गुजरे दौर के लोकप्रिय अभिनेता शम्मी कपूर के बाद अब ‘गजल सम्राट’ जगजीत सिंह के निधन से समूचा बॉलीवुड स्तब्ध है और इससे जुड़ी हस्तियां अपने इस पसंदीदा गायक को माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर के जरिए श्रद्धाजंलि दे रही हैं।
कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित अभिनेत्री शबाना आजमी ने ट्विटर पर लिखा कि किसी की नजर लग गई है कला की दुनिया को...जगजीत सिंह अब नहीं रहे। भारत में गजल की दुनिया को उनका योगदान बेमिसाल है। बड़ी क्षति।
चर्चित फिल्मकार मधुर भंडारकर ने ट्वीट किया कि जगजीत सिंह के निधन की दुखद खबर सुनकर बहुत स्तब्ध हूं। मैंने अपना प्यारा मित्र खो दिया। आपकी आत्मा को छू जाने वाले उनके गाने अनंतकाल तक बने रहेंगे।
मशहूर निर्माता निर्देशक महेश भट्ट ने जगजीत सिंह के निधन पर दुख जताते हुए लिखा, कि जगजीत सिंह के योगदान के बिना मेरी फिल्म ‘अर्थ’ करोड़ों लोगों के दिलों को छू नहीं पाती। मेरे मित्र...आपको बहुत-बहुत धन्यवाद।
बॉलीवुड के सुपर स्टार शाहरुख खान ने लिखा कि जगजीत सिंह के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। अल्लाह उनकी आत्मा को शांति दें। अभिनेता अक्षय कुमार ने लिखा कि 'गजल सम्राट’ के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। उनका गीत ‘तुम इतना जो मुस्कुरा रहे हो’..मेरी आंखों को (विशेषकर आज) नम कर रहा है। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे। अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने कहा कि भगवान जगजीत सिंह जी की आत्मा को शांति दे। वह कविता और आत्मा को छूने वाले संगीत के बादशाह थे। वह हमारे दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे।
पार्श्व गायिका श्रेया घोषाल ने लिखा कि जगजीत सिंह का निधन। संगीत के चाहने वालों के लिए यह सर्वाधिक दुखद दिनों में से एक है। यह स्वर्णिम आवाज़ अब और नहीं गा सकेगी। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे। अभिनेत्री सेलिना जेटली ने लिखा कि गजल सम्राट जगजीत सिंह के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। हमने अपने महान गजल गायक और शानदार व्यक्तित्व के धनी व्यक्ति को खो दिया।
फिल्मकार करण जौहर ने लिखा कि मैं जगजीत सिंह की प्रतिभा को सुनते हुए बड़ा हुआ हूं। मेरी मां उनकी बहुत बड़ी प्रशंसक थी और मुझे भी वैसा बनाया। एक सच्चे दिग्गज का निधन हो गया। अभिनेता फरहान अख्तर ने लिखा कि एक और दिग्गज जगजीत सिंह का निधन हो गया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।
गौरतलब है कि प्रसिद्ध गजल गायक जगजीत सिंह का आज सुबह यहां लीलावती अस्पताल में निधन हो गया। वह मस्तिष्काघात के बाद करीब एक पखवाड़े से अस्पताल में भर्ती थे।
पद्म भूषण से सम्मानित 70 वर्षीय जगजीत को 23 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और तभी से वह सघन चिकित्सा कक्ष में थे। पिछले कुछ दिन से उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई थी और वह जीवन रक्षक प्रणाली पर थे। (भाषा)