• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By वार्ता
Last Modified: नई दिल्ली (वार्ता) , गुरुवार, 22 नवंबर 2007 (15:49 IST)

उमा की वापसी का प्रस्ताव नही-भाजपा

भाजपा उमा भारती संसदीय बोर्ड
भाजपा ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि संसदीय बोर्ड के पास मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती को पार्टी में वापस लेने संबंधी कोई प्रस्ताव नही है।

भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने बताया कि उमा भारती को पार्टी की संसदीय बोर्ड ने निष्कासित किया था और उन्हें पार्टी में वापस लेने का अधिकार केवल उसी के पास है। उन्होंने कहा कि बोर्ड के पास उमा को पार्टी में वापस लेने का कोई प्रस्ताव नही है।

उल्लेखनीय है कि पेजावर मठ के स्वामी विश्वेशतीर्थ ने गुजरात के विधानसभा चुनावों में हिंदू मतों का विभाजन रोकने के लिए सुश्री भारती को भाजपा में वापस लेने की अपील की थी। इस पर पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने त्वरित प्रतिक्रिया में कहा था कि वे स्वामीजी का सम्मान करते हैं, लेकिन इस अपील के बारे में पार्टी मंच पर ही विचार-विमर्श किया जाएगा।

राजनाथ के बयान के बाद उमा भारती की भाजपा में वापसी का विरोध कर रहे आडवाणी समर्थक एक बार फिर सक्रिय हो गए और पार्टी के अंदरूनी हल्कों में माना जा रहा है कि अगर उमा की वापसी होती है तो राजनाथ को आडवाणी समर्थकों से विरोध का सामना करना पड़ सकता है।