बुधवार, 17 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. weather update : relief from heat due to rain, No heat wave till 5 may
Written By
Last Updated : गुरुवार, 5 मई 2022 (13:49 IST)

कई राज्यों में बारिश से बदला मौसम का मिजाज, गर्मी से राहत, 8 मई तक नहीं चलेगी लू

कई राज्यों में बारिश से बदला मौसम का मिजाज, गर्मी से राहत, 8 मई तक नहीं चलेगी लू - weather update : relief from heat due to rain, No heat wave till 5 may
नई दिल्ली। पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों, उत्तरी राजस्थान व पश्चिम व मध्य उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि और हल्की बारिश हुई साथ ही धूल भरी हवाएं चलीं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि अगले 2 दिन तक राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। अगले 6 दिनों में पारा 4 से 5 डिग्री चढ़ने की संभावना है। हालांकि, 8 मई तक लू का कोई अनुमान नहीं है।
 
उत्तर प्रदेश में मौसम ने ली करवट : उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बुधवार देर शाम मौसम ने करवट ली और तेज हवा व आंधी-पानी से लोगों को गर्मी से राहत मिली। प्रदेश में अगले 3-4 दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।
 
मथुरा, एटा और सहारनपुर में भी देर शाम धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी हुई, जिससे जनजीवन कुछ देर तक प्रभावित रहा। राजधानी लखनऊ के कुछ इलाकों में भी देर शाम हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया।
मौसम केंद्र के रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के गोरखपुर मंडल में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा। झांसी और फतेहपुर राज्य के सबसे गर्म स्थान रहे जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अयोध्या, प्रयागराज तथा मेरठ मंडलों में यह सामान्य से कम रहा। राज्य के बाकी मंडलों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा।
 
दिल्ली में बारिश से पारा गिरा : दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में बुधवार को ओलावृष्टि और बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। ओलावृष्टि, बारिश का असर एक दिन और बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से तापमान में वृद्धि शुरू होगी और रविवार से लू की स्थिति लौटेगी।
 
दिल्ली में शाम चार बजे तापमान 37 डिग्री सेल्सियस था जो तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि के कारण शाम छह बजे घटकर 31 डिग्री सेल्सियस हो गया। रोहिणी, पीतमपुरा, नजफगढ़, अशोक विहार और पश्चिम विहार में बारिश और तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि होने की सूचना मिली है। इन इलाकों में करीब 50 किलोमीटर की गति से तेज हवाएं चलीं।