शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Update : Delhi has to wait for monsoon
Written By
Last Updated : मंगलवार, 15 जून 2021 (08:18 IST)

Weather Update : धीमी पड़ी मानसून की रफ्तार, उत्तर भारत के कई राज्यों को करना होगा इंतजार

Weather Update : धीमी पड़ी मानसून की रफ्तार, उत्तर भारत के कई राज्यों को करना होगा इंतजार - Weather Update : Delhi has to wait for monsoon
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वानुमान में कहा है कि उत्तर भारत के कई हिस्सों को अभी मानसून के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा क्योंकि समीप आ रही पछुआ हवा की वजह से उसकी रफ्तार धीमी हो सकती है।
 
विभाग ने इससे पहले पूर्वानुमान में कहा था कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 15 जून तक राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने की संभावना है। आईएमडी महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि लेकिन वर्तमान परिस्थिति में इसकी संभावना नहीं है।
 
विभाग ने कहा कि मानसन का उत्तरी छोर का प्रभाव दीव, सूरत, नंदुरबार, भोपाल, नौगोंग, हमीरपुर, बाराबंकी, बरेली, सहारनपुर, अंबाला और अमृतसर में बना हुआ है।
 
यहां दस्तक दे चुका है मानसून : दक्षिण पश्चिम मानसून अब तक पूरे प्रायद्वीप (दक्षिणभारत) पूर्वी मध्य एवं पूर्वी एवं उत्तरपूर्वी भारत तथा उत्तरपश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में पहुंचा है। वहां बिना किसी रूकावट के सक्रिय मानसून परिसंचरण एवं निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है।
 
समीप आती मध्य अक्षांशीय पछुआ हवा के कारण उत्तर पश्चिम भारत के बाकी हिस्सों में मानसून धीमा होने की संभावना है।
 
अगले 24 घंटों में यहां बारिश की संभावना : अगले 24 घंटों के दौरान, केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण कोंकण और गोवा में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
 
पूर्वोत्तर भारत, लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। शेष उत्तर प्रदेश, मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र, आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और पश्चिमी हिमालय में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
ये भी पढ़ें
76 दिनों बाद देश में कोरोना के सबसे कम मामले, 24 घंटे में मिले 59958 नए मरीज