• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Update : 9 dies due to heat in odisha, relief in rajasthan
Last Modified: रविवार, 2 जून 2024 (10:33 IST)

Weather Update : इन राज्यों में गर्मी से हाहाकार, राजस्थान को थोड़ी राहत

weather update
Weather Update 2 june : उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। हालांकि राजस्थान में मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से आशिंक राहत मिली है। उधर केरल के कई इलाकों में मानसूनी बारिश की वजह से सड़कों पर पानी भर गया। असम में बाढ़ से हालात बने हुए हैं।
 
ओडिशा में लू लगने से 9 लोगों की मौत : शनिवार को ओडिशा के कई इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा। टिटलागढ़ में पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके बाद, बरगढ़ (45.8 डिग्री सेल्सियस), बोलनगीर (45.5 डिग्री सेल्सियस), भवानीपटना (44.6 डिग्री सेल्सियस) और नुआपाड़ा (44 डिग्री सेल्सियस) का स्थान रहा। ओडिशा सरकार ने भीषण गर्मी के चलते 9 व्यक्तियों की मौत पुष्टि की। इस बात की जांच जारी है कि 81 और लोगों की मौत क्या भीषण गर्मी की चपेट में आने से हुई।
 
राजस्थान के कई इलाकों में गर्मी से राहत : एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजस्थान के कई इलाकों में शनिवार को मौसम बदल गया और अधिकतम तापमान में गिरावट से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली। हालांकि राज्य में भीषण गर्मी या लू से मरने वालों की संख्या भी शनिवार को बढ़कर 9 हो गई जो गुरुवार को 5 थी।
 
राज्य में शनिवार को गंगानगर सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोटा में यह 46.1 डिग्री रहा। इसी तरह अधिकतम तापमान करौली में 45.9 डिग्री, धौलपुर में 45.4 डिग्री, पिलानी (झुंझुनू) में 44.4 डिग्री, बीकानेर और फतेहपुर (सीकर) में 43.3 डिग्री, जैसलमेर में 43 डिग्री, जैसलमेर में 42.6 डिग्री और जोधपुर में 41.3 डिग्री सेल्सियस रहा। कोटा और बीकानेर संभाग के कुछ स्थानों पर लू चली। दिन में पिलानी और चूरू में भी बूंदाबांदी हुई। अगले 48 घंटे में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने तथा अधिकांश भागों में 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड होने की संभावना है।
 
मध्यप्रदेश में मिलेगी गर्मी से राहत : मध्यप्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। राज्य के 10 जिलों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर रहा। निवाड़ी 47.5 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। छतरपुर, सिंगरौली, सतना में भी पारा 46 डिग्री के पार पहुंच गया। राज्य में जल्द ही गर्मी के तेवर गर्म पड़ सकते हैं।
 
दिल्ली में कैसा है मौसम : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत तापमान से 4.2 डिग्री अधिक है। आईएमडी ने गरज के साथ बारिश होने और अधिकतम तापमान के 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान लगाया है।
 
केरल में भारी बारिश : केरल में भारी बारिश की वजह से कई स्थानों पर भूस्खलन की खबर है। कोट्टायम और इडुक्की जिलों में कई स्थानों पर भारी बारिश की वजह से सड़कों पर पानी भर गया। मौसम विभाग ने त्रिचूर, मल्लपुरम और कोझिकोड में रेड अलर्ट तथा इडुक्की, पलक्कड़ और वायनाड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
 
असम में बाढ़ से 15 लोगों की मौत : असम में तीन प्रमुख नदियां कोपिली, बराक और कुशियारा में जल स्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बाढ़ की चपेट में आ जाने से 3 और लोगों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई, जबकि 6 लाख से अधिक लोग इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हैं।  41,564 विस्थापित लोगों ने विभिन्न जिलों में स्थापित 187 राहत शिविरों में शरण ली है।
Edited by  : Nrapendra Gupta