शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , सोमवार, 5 जनवरी 2015 (00:51 IST)

बारिश ने शीतलहर को लोगों से रखा दूर

बारिश ने शीतलहर को लोगों से रखा दूर - Weather
नई दिल्ली। उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में रूक-रूक कर हो रही बारिश ने लोगों को कड़ाके की सर्दी से थोड़ी राहत दी। हालांकि कश्मीर घाटी में एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
 
दिल्ली में रविवार को मौसम सुहावना रहा और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है। शहर में कल से रूक-रूक कर बारिश हुई। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम था।
 
दिल्ली और राजस्थान में कोहरे के कारण ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। कुछ ट्रेनें रदद की गईं जबकि कई देरी से चल रही हैं। राजस्थान में घने कोहरे से रेल, सड़क यातायात प्रभावित हुआ और अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान में एक से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट के कारण सर्दी का प्रकोप बढ़ गया।
 
मैदानी भागों में चूरू और प्रदेश के एक मात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर में न्यूनतम तामपान 5 डिग्री, पिलानी 5.4, श्रीगंगानगर 7, उदयपुर 8 और अजमेर में 9.2 डिग्री दर्ज किया गया।
 
जयपुर में न्यूनतम तापमान में कल के मुकाबले पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 9 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में सुबह दस बजे तक घना कोहरा छाया रहा। पंजाब और हरियाणा में बारिश जारी रही और चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शहर में 7.1 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।
 
हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और शहर में चार मिलीमीटर वष्रा दर्ज की गई।
 
पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा था। लुधियाना और पटियाला में अच्छी बारिश हुई और न्यूनतम तापमान क्रमश: 10 डिग्री सेल्सियस और 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
इस बीच, कश्मीर घाटी में एक दिन की राहत के बाद ठंड फिर से बढ़ने लगी और न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई। जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में रात में तापमान में हल्की गिरावट देखी गई। 
 
लद्दाख क्षेत्र के करगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 15 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जबकि पिछली रात को यह 16.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा था। करगिल राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा।
 
इस बीच, उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश हुई और तापमान में बदलाव हुआ। कैसरगंज और बहराइच में क्रमश: दो सेंटीमीटर और एक सेंटीमीटर बारिश हुई। इटावा में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (भाषा)