शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Terrorists fear, BJP officials resign in Jammu Kashmir
Written By सुरेश एस डुग्गर
Last Modified: सोमवार, 10 अगस्त 2020 (16:59 IST)

आतंकियों का खौफ, कश्मीर में भाजपा पदाधिकारियों के इस्तीफे

आतंकियों का खौफ, कश्मीर में भाजपा पदाधिकारियों के इस्तीफे - Terrorists fear, BJP officials resign in Jammu Kashmir
जम्मू। कश्मीर में भाजपा नेताओं पर हुए हमलों के चलते भाजपा के 8 पदाधिकारी एक हफ्ते में अपना इस्तीफा दे चुके हैं। कई पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया के जरिए इस्तीफा दिया है। सोशल मीडिया पर ही इस्तीफे पोस्ट करने वालों को आतंकी माफ करने की शर्त रख रहे हैं।

इस्तीफा देने वालों में भाजपा से जुड़े चरार-ए-शरीफ इलाके के प्रभारी वली मोहम्मद भट, बडगाम महासचिव इमरान अहमद पारे और गुलाम मोहिउद्दीन शाह का नाम भी शामिल है। प्रदेश के राजनीतिक व वर्तमान हालात को देखते हुए रविवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना की अगुवाई में वरिष्ठ नेताओं ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से श्रीनगर राजभवन में मुलाकात भी की।

सांसद जुगल किशोर शर्मा, पूर्व उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह और कवींद्र गुप्ता के अलावा महासचिव अशोक कौल पर आधारित भाजपा शिष्टमंडल ने उपराज्यपाल को पदभार संभालने की बधाई दी। इसके साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं व नेताओं पर हो रहे हमलों के मद्देनजर सुरक्षा को और कड़ा करने पर जोर दिया।

भाजपा नेताओं पर लगातार हो रहे आतंकी हमलों के बीच रविवार को ही सोशल मीडिया पर एक धमकी भरा ऑडियो भी वायरल हुआ, जिसमें भाजपा से जुड़े पंचों-सरपंचों और अन्य लोगों को पार्टी से नाता तोड़ने की धमकी दी गई थी। ऑडियो में खुद को आतंकी बताने वाला कह रहा था कि ये आखिरी चेतावनी है।
 
बता दें कि इस ऑडियो की अभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, भाजपा नेता अशोक कौल और विभोद ने रविवार को भाजपा नेता अब्दुल हमीद पर हुए हमले की निंदा करते हुए दोहराया है कि पार्टी इस प्रकार के कायराना हमलों से डरने वाली नहीं है। पार्टी कार्यकर्ता लगातार मैदान में डटे रहेंगे।

जानकारी के लिए कुलगाम जिले में छह अगस्त को भाजपा से जुड़े सरपंच सज्जाद खांडे की हत्या कर दी थी। इससे पहले चार अगस्त को कुलगाम में पंच पीर आरिफ अहमद शाह को गोली मार दी गई थी। वहीं जुलाई महीने में भाजपा के बांडीपोरा जिलाध्यक्ष वसीम बारी और उनके दो परिजनों की हत्या कर दी गई थी। 15 जुलाई को सोपोर में भाजपा नेता मेहराजुद्दीन मल्ला को अगवा किया गया था, हालांकि इन्हें दस घंटे में ही मुक्त करा लिया गया था।
इस घटना के करीब एक माह पूर्व आठ जून को अनंतनाग में कांग्रेस नेता और सरपंच अजय पंडिता की हत्या कर दी गई थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्‍डा से महासचिव संगठन अशोक कौल कश्मीर में भाजपा नेताओं पर आतंकी हमलों के मद्देनजर भाजपा कार्यकर्ताओं व नेताओं की सुरक्षा को और कड़ा करवाने की अपील पहले ही कर चुके हैं।
 
आतंकियों ने रविवार को बडगाम में भाजपा जिलाध्यक्ष पर भी हमला किया। जिनकी उपचार के दौरान सोमवार को मौत हो गई। आतंकियों ने वारदात को उस वक्त अंजाम दिया जब भाजपा जिलाध्यक्ष अब्दुल हामिद नजार सुबह सैर पर निकले थे।