आपने इजराइल को पिताश्री बनाया होगा हमने नहीं, श्रीनगर MP रुहुल्लाह महदी ने भाजपा सांसदों को दिया तीखा जवाब
JKNC MP Aga Syed Ruhullah Mehdi News: लोकसभा में मंगलवार को विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बहस के दौरान जोरदार वाकयुद्ध देखने को मिला। श्रीनगर से नेशनल कॉन्फ्रेंस (जेकेएनसी) के सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह महदी जब इजराइल की निंदा कर रहे थे, तो भाजपा सांसदों ने उन्हें बीच-बीच में टोका और 'ईरान चले जाओ' के नारे लगाए। सांसद मेहदी ने सदन और सभापति को संबोधित करते हुए साफ कहा कि मैं इजराइल की निंदा कर रहा हूं, आपको क्या तकलीफ हो रही है? आपने इजराइल को अपना पिताश्री बनाया होगा, हमने नहीं।
मेहदी का भाजपा सांसदों पर पलटवार
उनके इस जवाब के बाद सदन में शोर मच गया। भाजपा सांसदों ने इसे 'ईरान समर्थक' रुख बताया, जबकि मेहदी ने कहा कि वे केवल इजराइल के कृत्यों की आलोचना कर रहे हैं। सदन में चर्चा चल रही थी, जिसमें सांसद मेहदी इजराइल-ईरान तनाव और गाजा-फिलिस्तीन मुद्दे पर अपनी बात रख रहे थे। इसी दौरान कुछ भाजपा सदस्यों ने उन्हें बार-बार 'ईरान जाओ' कहकर रोका। मेहदी ने तुरंत पलटवार किया और कहा कि मुसलमानों को पाकिस्तान भेजने वाले अब उन्हें ईरान भेजने की बात कर रहे हैं।
उनका पूरा बयान इस प्रकार था- 'मैं निंदा इजराइल की कर रहा हूं, आपको क्या तकलीफ हो रही है? आपने इजराइल को अपना पिताश्री बनाया होगा, हमने नहीं।'
सोशल मीडिया पर वायरल
इस संसदीय सत्र का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर तेजी से वायरल हो गया। पत्रकार जाकिर अली त्यागी द्वारा पोस्ट किया गया वीडियो अब लाखों व्यूज पा चुका है। कुछ यूजर्स ने मेहदी के जवाब की तारीफ की, तो कुछ ने इसे 'देश-विरोधी' बताते हुए भाजपा की प्रतिक्रिया का समर्थन किया।
पार्टी की ओर से प्रतिक्रिया नहीं
अभी तक जेकेएनसी या मेहदी की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है, लेकिन भाजपा सांसदों का कहना है कि सदन में भारत की विदेश नीति और इजराइल के साथ दोस्ती पर सवाल उठाना 'अनुचित' है। यह घटना संसद में बढ़ते तनाव और राजनीतिक ध्रुवीकरण की एक और मिसाल बन गई है। विपक्षी सदस्यों ने इसे 'संसदीय गरिमा के हनन' के रूप में देखा है। अभी तक लोकसभा अध्यक्ष या सरकार की ओर से कोई औपचारिक टिप्पणी नहीं आई है। पूरा मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala