शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Shi Jinping
Written By
Last Updated :अहमदाबाद , बुधवार, 17 सितम्बर 2014 (22:30 IST)

शी को चीनी भाषा में अनुदित 'गीता' की प्रति भेंट की

शी को चीनी भाषा में अनुदित 'गीता' की प्रति भेंट की - Shi Jinping
अहमदाबाद। गुजरात से अपनी भारत यात्रा प्रारंभ करने वाले चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बुधवार को यहां महात्मा गांधी के साबरमती आश्रम का दौरा किया जहां उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीनी भाषा में अनुदित ‘गीता’ की प्रति भेंट की।
साबरमती नदी तट पर स्थित इस शांतिपूर्ण आश्रम के द्वार पर मोदी और गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदी बेन पटेल ने शी की अगवानी की।
 
मोदी एवं आनंदी ने उन्हें सूत की माला भेंट की और वे आश्रम में उनके साथ विभिन्न कक्षों में गए। महात्मा गांधी और उनकी पत्नी कस्तूरबा गांधी ने यहां 12 साल बिताए थे। बाद में शी ने वहां गांधीजी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
 
मोदी ने इस अवसर पर चीनी राष्ट्रपति को हिंदी एवं अंग्रेजी में गांधीजी द्वारा लिखी गई कृतियों के बारे में भी बताया। साबरमती आश्रम के न्यासियों के अनुसार शी ने आंगुतक पुस्तिका में चीनी भाषा में अपनी टिप्पणी लिखी। वह गांधीजी के निजी कक्ष ‘हृदयकुंज’ भी गए और उनकी मूर्ति को सूत की माला पहनाई। 
 
मोदी ने इस मौके पर शी को स्मृति चिह्न प्रदान किए जिनमें गांधीजी पर पुस्तकें और चित्र शामिल हैं। आश्रम के न्यासी कार्तिकेय साराभाई ने कहा, साबरमती आश्रम न्यास ने चीनी राष्ट्रपति को उस चरखे की प्रतिकृति भेंट की जिसे गांधीजी ने पुणे के समीप यरवदा जेल में इस्तेमाल किया था। शी को उस मूल प्रमाण पत्र की प्रति भी दी गई जो गांधीजी को 1915 में दक्षिण अफ्रीका में चीन मूल के लोगों ने दी थी। (भाषा)