1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. sambit patra attacks digvijay singh on club house chat

क्लब हाउस चैट पर बवाल, संबित पात्रा बोले-पाकिस्तान की हां में हां मिला रहे दिग्विजय

club house chat
नई दिल्ली। वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के 'क्लब हाउस' चैट पर शनिवार को बवाल मच गया। भाजपा नेता संबित पात्रा ने दिग्विजय पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिग्विजय किस प्रकार से बाहर भारत के खिलाफ जहर उगल रहे हैं और किस प्रकार पाकिस्तान की हां में हां मिला रहे हैं वो हम सभी ने टीवी चैनलों के माध्यम से देखा है।
उन्होंने कहा कि क्लब हाउस में पाकिस्तान का पत्रकार ये सवाल पूछता है कि नरेन्द्र मोदी जी के हटने के बाद भारत की सत्ता कैसी होगी, कश्मीर पॉलिसी कैसी होगी।
 
संबित पात्रा ने कहा ‍कि दिग्विजय जी ऐसे सवाल पर उस पत्रकार को धन्यवाद देते हैं और कहते हैं कि अगर मोदी जी सत्ता से हटते हैं और कांग्रेस की सरकार आती है तो वो जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को फिर से स्थापित करेगी।
 
भाजपा नेता ने कहा कि कुछ दिन पहले टूलकिट का जिक्र किया गया था। ये सारा उस टूलकिट का हिस्सा है। ये पूरी संभावना है कि आज जो दिग्विजय सिंह ने जो कहा है उसके लिए पहले से स्टेज मैनेज रहा होगा। उस पत्रकार से दिग्विजय सिंह या कांग्रेस के बड़े नेता ने ऐसा सवाल पूछने के लिए कहा होगा। 
 
उन्होंने कहा कि ये वही दिग्विजय सिंह हैं, जिन्होंने पुलवामा हमले को एक दुर्घटना मात्र बता दिया था, इन्होंने ही 26/11 के हमले को RSS की साजिश बताया था और उस समय पाकिस्तान को क्लीन चिट देने का भी प्रयास किया था।
 
पात्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने नाम को बदले वो INC को बदलकर ANC कर दे। ये एक ऐसा क्लब हाउस है जिसमें सारे लोग मोदी जी से घृणा करते-करते आज हिंदुस्तान से घृणा कर बैठे हैं।
 
उल्लेखनीय है कि मोदी सरकार ने 5 अगस्त, 2019 को जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी कर दिया था। तब से ही कांग्रेस पार्टी लगातार इसका विरोध करती आ रही है।
अगला लेख
सरकार की नई मुसीबत, 26 जून को देशभर में राजभवन घेरेंगे किसान