मंगलवार, 19 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. जया बच्चन के बयान पर बवाल, कंगना बोलीं अगर मेरी जगह आपकी बेटी होती तो....
Written By
Last Updated : मंगलवार, 15 सितम्बर 2020 (11:47 IST)

जया बच्चन के बयान पर बवाल, कंगना बोलीं अगर मेरी जगह आपकी बेटी होती तो....

Jaya Bachchan| जया बच्चन के बयान पर बवाल, कंगना बोलीं अगर मेरी जगह आपकी बेटी होती तो....
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन गोरखपुर से सांसद और एक्टर रवि किशन ने संसद में देश और बॉलीवुड में ड्रग के बढ़ते इस्तेमाल और तस्करी का मुद्दा उठाया था। इस पर राज्यसभा सासंद जया बच्चन ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बिना नाम किसी के नाम लिए कहा कि जो लोग जिस थाली में खाते हैं, उसी में छेद करते हैं। जया बच्चन के इस बयान पर कंगना ने भी निशाना साधा है।
जया बच्चन ने राज्यसभा में कहा कि कल हमारे एक सांसद सदस्य ने लोकसभा में बॉलीवुड के खिलाफ कहा। यह शर्मनाक है। मैं किसी का नाम नहीं ले रही हूं। वे खुद भी इंडस्ट्री से आते हैं। जिस थाली में खाते हैं, उसी में छेद करते हैं। गलत बात है। मुझे कहना पड़ रहा है कि इंडस्ट्री को सरकार की सुरक्षा और समर्थन की जरूरत है।
 
क्या कहा जया बच्चन ने : फिल्म उद्योग की कथित आलोचना पर नाराजगी जताते हुए समाजवादी पार्टी की सदस्य जया बच्चन ने कहा कि देश में किसी भी संकट के दौरान सहायता में कभी पीछे नहीं रहने वाला यह उद्योग सराहना का हकदार है। उन्होंने शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि दु:ख की बात यह है कि कुछ लोग जिस थाली में खाते हैं, उसी थाली में छेद करते हैं। जया ने कहा कि केवल कुछ लोगों की वजह से आज मनोरंजन उद्योग आलोचना का शिकार हो रहा है जो हर दिन करीब 5 लाख लोगों को प्रत्यक्ष और करीब 50 लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार देता है।
 
जया ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान कुछ ऐसे हालात हुए कि मनोरंजन जगत सोशल मीडिया पर बुरी तरह आलोचना का शिकार होने लगा और उसे 'गटर' कहा जाने लगा। 'यह सही नहीं है। ऐसी भाषा पर रोक लगाई जानी चाहिए।'
 
उन्होंने कहा कि 'देश पर आने वाले किसी भी संकट के दौरान उसकी सहायता करने में यह उद्योग कभी पीछे नहीं रहा। राष्ट्रीय आपदा के दौरान इस उद्योग ने हरसंभव मदद की है। यहां अत्यधिक कर देने वाले लोग रहते हैं। इस उद्योग ने अपना एक नाम और पहचान अपने बूते हासिल किया है। '
 
जया ने कहा कि कल दूसरे सदन में एक सदस्य ने फिल्म उद्योग के खिलाफ बोला, जो पीड़ादायी था। उन्होंने कहा कि 'इस उद्योग के खिलाफ आज जिस भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है वह पूरी तरह गलत है। उस पर रोक लगनी चाहिए। विभिन्न दलों के सदस्यों ने इस मुद्दे से स्वयं को संबद्ध किया।
 
रवि किशन ने दिया था यह बयान : सोमवार को भोजपुरी अभिनेता रवि किशन ने लोकसभा में कहा था कि भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में ड्रग की लत काफी ज्यादा है। कई लोगों को पकड़ लिया गया है। एनसीबी बहुत अच्छा काम कर रही है। मैं केंद्र सरकार से अपील करता हूं वे इस पर सख्त कार्रवाई करें। दोषियों को जल्द से जल्द पकड़े और उन्हें सजा दे जिससे की पड़ोसी देशों की साजिश का अंत हो सके।
कंगना ने भी साधा निशाना : अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी जया बच्चन के इस बयान पर निशाना साधा। कंगना ने कहा कि जयाजी आप यही बात तब भी कहतीं जब मेरी जगह आपकी बेटी श्वेता होतीं।

यह बात आप तब भी कहती जब अभिषेक गुंडागर्दी और प्रताड़ना की शिकायत करता और एक दिन फांसी पर लटकता पाया जाता। हमारे लिए भी सहानुभूति दिखाइए।