शुक्रवार, 27 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Rahul Gandhi, car, stone throwing, Congress
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 4 अगस्त 2017 (22:29 IST)

राहुल की कार पर पथराव, ओछी, घटिया और अलोकतांत्रिक हरकत

राहुल की कार पर पथराव, ओछी, घटिया और अलोकतांत्रिक हरकत - Rahul Gandhi, car, stone throwing, Congress
नई दिल्ली। गुजरात के बनासकांठा में बाढ़ पीड़ितों से मिलने गए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की कार पर हुए पथराव की कड़ी भर्त्सना करते हुए कांग्रेस ने आज इसे ‘भाजपा के गुंडों’ द्वारा की गई ‘ओछी, घटिया एवं अलोकतांत्रिक हरकत’ करार दिया।
 
कांग्रेस के प्रवक्ता अभिषक मनु सिंघवी ने आज इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ‘यह घटना  भारत के गणतांत्रिक संस्कारों एवं संस्कृति और इतिहास के बिल्कुल विरुद्ध है। अभी कुछ समय पहले राहुल  गांधी गुजरात के बनासकांठा में बाढ़ से प्रभावित इलाकों में गए थे। 
 
वह धानेरा गांव में लाल चौक से निकल रहे थे। उनकी गाड़ियों पर पत्थरों से केन्द्र एवं भाजपा शासित राज्य के गुंडों, असामाजिक तत्वों ने घृणात्मक रूप से हमला किया। गाड़ी और उनके कांच टूटे तथा एसपीजी के एक व्यक्ति को हल्की सी चोट आई है।’ 
 
उन्होंने कहा कि यह हमला पूरी तरह से पूर्व नियोजित था और सोच समझकर किया गया। उन्होंने कहा कि ‘ओछी, घटिया और गैर कानूनी हरकत है।’ 
 
उन्होंने कहा, ‘मूल मुद्दा दूसरा है। अकेले बनासकांठा जिले में 70 लोगों की मृत्यु हुई है। बाढ़ का सबसे ज्यादा दुष्प्रभाव इसी इलाके में हुआ है। गुजरात में बाढ़ से 200 लोगों की जान गई है और करोड़ों रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है। इस जिले में हजारों लोग बेघर हुए है। प्रदेश के मुख्यमंत्री पांच-छह दिन तक वहां गए नहीं। उसी प्रदेश से आने वाले प्रधानमंत्री भी वहां नहीं गए।’
 
सिंघवी ने कहा, ‘जब विपक्षी दल का कोई नेता वहां जाने का प्रयास करता है तो देश की संस्कृति ऐसी नहीं है कि हम उस पर पत्थरों से आक्रमण करें। सरकार और भाजपा को शायद इस बात का इल्म नहीं है कि यह लोकतंत्र की प्रथा के विरुद्ध है।’ उन्होंने कहा कि इस घटना की कड़े से कड़े शब्दों में भर्त्सना की जानी चाहिए। इससे भाजपा का चाल, चरित्र, चेहरा तथा असहिष्णुता पता चलती है।
 
सिंघवी ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा, ‘जहां तक हमारी सूचना है राहुल गांधी को कोई चोट नहीं आई है।  किन्तु मुद्दा चोट का नहीं है।’ उन्होंने कहा कि क्या बाढ़ पीड़ित लोगों का हालचाल जानने के लिए किसी की  अनुमति लेने की जरूरत पड़ेगी। यदि अनुमति नहीं मांगी जाएगी तो क्या आप मेरी गाड़ियों पर हमला करेंगे,  पत्थर फेकेंगे। (भाषा)
ये भी पढ़ें
मृत्यु पंजीकरण के लिए 'आधार' अनिवार्य