शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Oath ceremony of Yogi Aditynath as UP CM
Written By

योगी आदित्यनाथ ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

योगी आदित्यनाथ ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ - Oath ceremony of Yogi Aditynath as UP CM
लखनऊ। गोरक्षपीठाधीश्वर और कट्टर हिन्दुत्व का चेहरा माने जाने वाले सांसद आदित्यनाथ ने रविवार को उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राज्यपाल राम नाईक ने केशव प्रसाद मौर्य तथा डॉक्टर दिनेश शर्मा को उपमुख्यमंत्री पद तथा 44 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
 
नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में राज्यपाल राम नाईक ने कांशीराम स्मृति उपवन में आयोजित भव्य समारोह में नई सरकार के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्रियों तथा मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनमें 22 कैबिनेट मंत्री, 9 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), 13 राज्यमंत्री शामिल हैं। मंत्रिपरिषद में राज्यमंत्री के रूप में क्रिकेटर से राजनेता बने मोहसिन रजा को भी शामिल किया गया है, जो सरकार में एकमात्र मुस्लिम चेहरा हैं।
 
राज्यपाल ने कैबिनेट मंत्री के रूप में सूर्य प्रताप शाही, सुरेश खन्ना, स्वामी प्रसाद मौर्य, सतीश महाना, राजेश अग्रवाल, दारासिंह चौहान, रीता बहुगुणा जोशी, धर्मपाल सिंह, एसपी सिंह बघेल, सत्यदेव पचौरी, रमापति शास्त्री, जय प्रताप सिंह, ओमप्रकाश राजभर, बृजेश पाठक, लक्ष्मीनारायण चौधरी, चेतन चौहान, श्रीकांत शर्मा, राजेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, सिद्धार्थ सिंह, मुकुट बिहारी वर्मा, आशुतोष टंडन तथा नंदकुमार नंदी को शपथ दिलाई।
 
अनुपमा जायसवाल, सुरेश राणा, उपेन्द्र तिवारी, डॉक्टर महेन्द्र सिंह, स्वतंत्रदेव सिंह, भूपेन्द्र सिंह चौधरी, धर्म सिंह सैनी, स्वाति सिंह तथा अनिल राजभर ने स्वतंत्र प्रभार के राज्यमंत्री पद की शपथ ली।
 
इसके अलावा गुलाब देवी, मोहसिन रजा, जयप्रकाश निषाद, अर्चना पांडेय, जय कुमार सिंह जैकी, अतुल गर्ग, रणवेन्द्र प्रताप सिंह, नीलकंठ तिवारी, गिरीश चन्द्र यादव, बलदेव औलख, मन्नू कोरी, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पौत्र संदीप सिंह, सुरेश पासी को राज्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई।
 
मंत्रिमंडल में जातीय समीकरण साधने की कोशिश की गई है और अगड़ी तथा पिछड़ी जातियों के बीच संतुलन बनाने का प्रयास किया गया है। इसमें मोहसिन रजा के रूप में एक मुस्लिम राज्यमंत्री को भी शामिल किया गया है। 
 
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, कलराज मिश्र, वेंकैया नायडू, उमा भारती, रविशंकर प्रसाद, संतोष गंगवार, अनुप्रिया पटेल, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत समेत अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। (भाषा)
ये भी पढ़ें
अभी से 2019 की तैयारी में योगी आदित्यनाथ...