dharma sangrah
✕

बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिया तो आंदोलन करेंगे : नीतीश कुमार

Updated: गुरुवार, 16 नवंबर 2023 (23:31 IST)
Demand to give special state status to Bihar : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को घोषणा की कि अगर केंद्र ने राज्य को जल्द से जल्द विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिया तो वह राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे। राज्य के लिए कई वर्षों से विशेष दर्जे की मांग कर रहे जनता दल (यू) के नेता ने कहा कि राज्य को आगे बढ़ने के लिए इसकी जरूरत है।
 
उन्होंने कहा, अगर केंद्र जल्द से जल्द बिहार को विशेष दर्जा नहीं देता है, तो हम राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे। आंदोलन के दौरान राज्य के हर कोने से विशेष दर्जे की मांग की जाएगी। पटना में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नीतीश ने कहा, जो लोग मांग का समर्थन नहीं करते, उन्हें राज्य के विकास में कोई दिलचस्पी नहीं है।
 
उन्होंने कहा कि बिहार विधानमंडल ने जाति सर्वेक्षण के आधार पर सरकारी नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में वंचित जातियों के लिए आरक्षण की सीमा 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 65 प्रतिशत करने का प्रावधान करने वाले विधेयकों को हाल में मंजूरी दी है, जिससे कुल आरक्षण 75 प्रतिशत हो जाएगा।
 
नीतीश ने कहा, हमने समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए कई कल्याणकारी पहल की योजना बनाई है और इसकी लागत बिहार जैसे गरीब राज्य के लिए कई करोड़ रुपए होगी। हमें इसे पांच साल से अधिक समय में खर्च करना होगा। उन्होंने कहा, अगर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग पूरी हो जाती है, तो हम ढाई साल के भीतर संबंधित लोगों को सभी लाभ प्रदान करने में सक्षम होंगे। इसलिए बिहार को तुरंत यह दर्जा चाहिए।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि आरक्षण से संबंधित दो विधेयकों को राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर के पास उनकी सहमति के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा, मुझे उम्मीद है कि राज्यपाल जल्द ही दोनों विधेयकों पर हस्ताक्षर करेंगे। उसके तुरंत बाद हम इसे समाज के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए लागू करेंगे।
 
दोनों विधेयकों में अनुसूचित जाति का आरक्षण 16 से बढ़ाकर 20 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति का आरक्षण एक से बढ़ाकर दो फीसदी, अत्यंत पिछड़ी जाति (ईबीसी) का आरक्षण 18 से बढ़ाकर 25 प्रतिशत और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का आरक्षण 15 से बढ़ाकर 18 फीसदी करने का प्रावधान किया गया है।(भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

Show comments

Gold Price : सस्ता हुआ सोना, 10 दिन में 10000 रुपए टूटा, क्या अभी खरीदना सही या और गिरेंगे दाम?

Donald trump के लिए शी जिनपिंग ने तोड़ा प्रोटोकाल, क्‍या है यह निकटता जताने के मायने?

GitHub Copilot यूजर्स के लिए खुशखबरी! अब मिलेंगे OpenAI के GPT-6.2 Astra और Sol मॉडल, कोडिंग का काम होगा आसान

Hyundai Verna को Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में मिली 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग, एडल्ट और चाइल्ड सेफ्टी में किया शानदार प्रदर्शन

इस्‍तीफे के बाद Nvidia के पूर्व CEO जेनसन हुआंग का परिवार के लिए भावुक संदेश, कहा- मेरी बाकी जिंदगी...

सभी देखें

'सपाइयों की उद्दंडता ने ली मासूम की जान', अखिलेश यादव पर बरसे ओम प्रकाश राजभर, मंदिर जाने को लेकर भी साधा निशाना

UPTET 2026 Exam Date : यूपी टीईटी की तारीखों का ऐलान, 26-27 फरवरी को होगी परीक्षा, जानें आवेदन की पूरी डिटेल

चीन में जिनपिंग, ट्रंप और पुतिन की ऐतिहासिक बैठक, क्या बदल जाएगा दुनिया का समीकरण? भारत पर भी पड़ेगा असर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया TMZ का शुभारंभ, मिले 3611 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

चक्रवाती तूफान 'अक्वान' का असर: बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

अगला लेख