शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Narendra Modi, Congress, Himachal Pradesh assembly elections
Written By
Last Modified: शनिवार, 4 नवंबर 2017 (18:44 IST)

हिमाचल में कांग्रेस को उखाड़ने का समय : नरेन्द्र मोदी

हिमाचल में कांग्रेस को उखाड़ने का समय : नरेन्द्र मोदी - Narendra Modi, Congress, Himachal Pradesh assembly elections
रैत (कांगडा)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए कहा है कि पार्टी हिमाचल में दीमक की तरह जमी हुई है और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने के कारण वह उसकी आंखों की किरकिरी बने हुए हैं।
        
हिमाचल प्रदेश विधानसभा की 68 सीटों के लिए नौ नवम्बर को होने वाले चुनाव के लिए यहां रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस के आठ नवम्बर को काला दिवस मनाने के फैसले पर हैरानी व्यक्त करते हुए कहा, मेरा क्या कसूर है। मैंने भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोला है, इसलिए कांग्रेस की आंखों की किरकिरी बना हुआ हूं, लेकिन मैं डरने वाला नहीं हूं।
      
उन्होंने कहा, मैं सरदार पटेल का शिष्य हूं। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई से कोई मुझे रोक नहीं सकता, मैं कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन से झुकने वाला नहीं हूं। गुरुवार को भी कांगडा की रैली में ही कांग्रेस को लॉफिंग क्लब बताने वाले मोदी ने आज पार्टी को दीमक करार देते हुए आरोप लगाया कि वह बागियों को बढ़ावा दे रही है। कांग्रेस अपने उम्मीदवारों के प्रति भरोसा खो चुकी है और बागियों पर ध्यान केद्रिंत किए हुए है। 
 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बागियों के बलबूते विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को हराना चाहती है, किंतु जनता उसे चुनावों में सजा देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रति राज्य की जनता में बहुत नाराजगी है और आने वाले कई वर्षों तक हिमाचल प्रदेश में पार्टी कहीं नजर आने वाली नहीं है।
       
भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, नोटबंदी में जिनका कालाधन चला गया, वह मुझसे बदला लेना चाहते हैं। नोटबंदी से उन्हीं लोगों को परेशानी हो रही है जिनका इसमें कालाधन डूब गया। उन्होंने कहा कि जिनको लूटने की आदत पड़ी हुई थी, वह कहां मुझे चैन से बैठने देंगे। मैं हार नहीं मानने वाला नहीं। मैं ईमानदारी की राह पर देश को ले जाने के लिए काम करता रहूंगा। 
       
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की भारी विजय के प्रति भरोसा जताते हुए मोदी ने कहा कि जहां तक उनकी नजर जा रही है कमल ही कमल दिख रहा है। उन्होंने कहा कि आज विश्व में भारत की जय जयकार हो रही है और इसकी वजह सवा सौ करोड़ हिंदुस्तानी हैं। 
 
मोदी ने हिमाचल के मतदाताओं से भाजपा को तीन चौथाई बहुमत से जीतने की अपील करते हुए कहा कि कांगडा में एक भी पंजा नजर नहीं आना चाहिए। राज्य विधानसभा में कांगडा बहुमत महत्वपूर्ण है। यहां 15 विधानसभा सीटें हैं।
      
कांग्रेस को सड़ी हुई सोच की पार्टी बताते हुए मोदी ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों में भी वही सोच आगे जाने वाली है और पार्टी को जब तक सजा नहीं दी जाएगी, तब तक वह सुधरने वाली नहीं है। कांग्रेस दीमक की तरह हिमाचल में जमी हुई है और जब तक इसे जड़ों तक साफ नहीं किया जाएगा, राज्य का विकास संभव नहीं है । (वार्ता)
ये भी पढ़ें
मोदी बोले, अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई ताकत, किए जाएंगे सुधार...