• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Latest weather news for 3 July 2024 in India
Last Updated : बुधवार, 3 जुलाई 2024 (09:12 IST)

Weather Updates: यूपी, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर भारत में वर्षा की संभावना, जानें अन्य राज्यों का मौसम

भारत में 3 जुलाई 2024 का मौसम का ताजा समाचार

Weather Updates: यूपी, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर भारत में वर्षा की संभावना, जानें अन्य राज्यों का मौसम - Latest weather news for 3 July 2024 in India
Weather Updates: अब मानसून (Monsoon) सारे देश में फैलता जा रहा है। गुजरात में काफी वर्षा (rain) हो रही है। आज बुधवार, 3 जुलाई को पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, उत्तरप्रदेश की तलहटी, उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा और उत्तराखंड में मध्यम से भारी बारिश (heavy rain) संभव है। पूर्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, दिल्ली, गुजरात, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा, मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
 
दिल्ली में अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज, कुछ हिस्सों में हल्की बारिश : राजधानी दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री कम 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने शाम को उपग्रह से प्राप्त नवीनतम तस्वीरों के हवाले से बताया कि कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, साथ ही गरज के साथ बौछारें पड़ने और बिजली चमकने की भी संभावना है।

 
आईएमडी के मुताबिक दिल्ली के कुछ हिस्सों में अपराह्न करीब 3 बजे हल्की बारिश हुई। आईएमडी ने बुधवार को आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहने तथा गरज और बिजली के साथ मध्यम बारिश का अनुमान जताया है और 'येलो अलर्ट' जारी किया है। आईएमडी के अनुसार शहर में न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
 
आईएमडी के अनुसार मध्यम बारिश को 1 दिन में 7.6 मिमी से 35.5 मिमी के बीच बारिश के रूप में परिभाषित किया जाता है जबकि भारी बारिश को 1 दिन में 64.5 मिमी से 124.4 मिमी के बीच हुई बारिश के रूप में परिभाषित किया जाता है। आईएमडी ने मंगलवार को कहा कि 2 जुलाई को मानसून अपनी सामान्य तिथि 8 जुलाई से पहले ही पूरे देश में पहुंच गया है।

 
राजस्थान में बारिश का दौर जारी : राजस्थान में मानसून की बारिश का दौर जारी है, जहां मंगलवार दिन में भी कई जगह हल्की बारिश हुई। स्थानीय मौसम केंद्र, जयपुर के अनुसार मंगलवार को शाम 5.30 बजे तक राज्य के एकमात्र पर्वतीय पर्यटक स्थल माउंट आबू में सबसे अधिक 7 मिलीमीटर (मिमी) वर्षा हुई। चूरु में 5 मिमी, बारां के अंता में 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
 
मंगलवार को गंगानगर 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। बीकानेर में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 41.1 डिग्री, फलोदी में 40 डिग्री, बाड़मेर में 39.6 डिग्री, जोधपुर में 38.2 डिग्री दर्ज किया गया।
 
केंद्र के अनुसार आगामी दिनों में पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, कोटा एवं उदयपुर संभागों के कुछ भागों में बारिश जारी रहने तथा भरतपुर संभाग में 1-2 स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। उसने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आगामी 2-3 दिन मेघ-गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। जोधपुर संभाग एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में केवल छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने तथा शेष भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है।

 
मणिपुर के स्कूलों में 2 दिनों के अवकाश की घोषणा : मणिपुर में सोमवार से लगातार जारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों के बाढ़ की चपेट में आने और कुछ नदियों का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर राज्य सरकार ने प्रदेश के सभी स्कूलों में 3 जुलाई से 2 दिन के अवकाश की घोषणा की है। अधिकारियों ने इंफाल में यह जानकारी दी।
 
शिक्षा निदेशालय द्वारा मंगलवार को जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि नदी के बढ़ते जलस्तर और इसके कारण कई क्षेत्रों में बाढ़ आने, लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात कुछ और दिन रहने की आशंका के मद्देजनर राज्य के सभी सरकारी, निजी, सहायता प्राप्त और केंद्रीय स्कूल 3 जुलाई और 4 जुलाई को बंद रहेंगे।
 
इस बीच इंफाल, नंबुल और इरिल नदियां खतरे के निशान के आसपास बहती दिखीं जिसे लेकर आसपास के लोग भयभीत हैं। मणिपुर घाटी की सबसे बड़ी इंफाल नदी में मंगलवार शाम उफान आने के बाद इंफाल पूर्वी जिले के कई इलाकों में भी बाढ़ आ गई।
 
उपहिमालयी पश्चिम बंगाल पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। एक रेखा पंजाब से मिजोरम तक उत्तरी हरियाणा, उत्तरी उत्तरप्रदेश, उत्तरी बिहार, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल पर चक्रवाती परिसंचरण और निचल े स्तर पर असम तक फैली हुई है। पूर्वोत्तर असम और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
 
उत्तर गुजरात के ऊपर समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण गुजरात और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 3.1 और 7.6 किमी ऊपर है। एक ट्रफ रेखा महाराष्ट्र तट से मध्य केरल तट तक फैली हुई है।
 
पिछले 24 घंटों की मौसमी हलचल : पिछले 24 घंटों के दौरान उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पश्चिम असम, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उत्तरप्रदेश की तलहटी और दक्षिण गुजरात में मध्यम से भारी बारिश हुई। कोंकण और गोवा, पूर्वी मध्यप्रदेश और तटीय कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई।
 
ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, केरल, बिहार, झारखंड, उत्तरप्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश हुई। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की बारिश हुई।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (Skymet Weather) के अनुसार आज बुधवार, 3 जुलाई को पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, उत्तरप्रदेश की तलहटी, उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा और उत्तराखंड में मध्यम से भारी बारिश संभव है। पूर्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, दिल्ली, गुजरात, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा, मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
 
गंगीय पश्चिम बंगाल, पूर्वी राजस्थान, ओडिशा, केरल, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, रायलसीमा, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और तमिलनाडु में हल्की बारिश संभव है।(एजेंसियां)(Photo courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta