• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Indian army destroyed many bunkers of Pakistan
Written By सुरेश एस डुग्गर
Last Modified: शुक्रवार, 10 अप्रैल 2020 (17:24 IST)

भारतीय सेना ने तबाह किए पाकिस्तान के कई बंकर

भारतीय सेना ने तबाह किए पाकिस्तान के कई बंकर - Indian army destroyed many bunkers of Pakistan
जम्मू। कश्मीर के लोगों के लिए यह दोहरी मुसीबत कही जा सकती है कि एक तो कोरोना की दहशत में वे घिरे हैं और दूसरी ओर पाक सेना गोलों की बरसात किए जा रही है। इतना जरूर था कि कुपवाड़ा में शुक्रवार को पाक सेना की भीषण गोलाबारी का जवाब देते हुए भारतीय सेना ने उसके कई बंकरों को नेस्तनाबूद कर दिया था। फिलहाल उस पार पाक सेना के कितने जवान मारे गए, कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
 
कुपवाड़ा में एलओसी से सटे पजगाम व उसके साथ लगते कई गांवों में पाकिस्तान द्वारा दागे गए गोलों के गिरने के बाद दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। हालांकि भारतीय सीमाओं की रक्षा में तैनात जवानों ने पाकिस्तान की इस गुस्ताखी का मुंहतोड़ जवाब दिया, नतीजतन पाकिस्तान ने कुछ घंटों बाद गोलाबारी बंद कर दी। फिलहाल सीमा पर रुक-रुक कर गोलाबारी हो रही है, परंतु अभी तक हुई गोलाबारी में नुकसान की जानकारी नहीं है।
 
सूत्रों का कहना है कि भारतीय जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी चौकियों व बंकरों को काफी नुकसान पहुंचा है। शायद यही वजह रही कि करीब एक घंटे बाद गोलाबारी में कमी आई। पाकिस्तान की ओर से रिहायशी इलाकों को निशाना बनाना बंद कर दिया। इस गोलाबारी में क्या नुकसान हुआ है, अभी तक इस बारे में दोनों और से कोई जानकारी नहीं दी गई है।
 
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तानी सेना ने दोपहर एक बजे के करीब सीधा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए पंजगाम व उसके साथ लगते गांवों में एकाएक गोलाबारी शुरू कर दी। गांव में गोले गिरने के बाद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। डर के मारे लोग अपने घरों में ही दुबके रहे और बाहर नहीं निकले। 
 
वहीं, एलओसी पर तैनात जवानों ने भी इस गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। पाकिस्तान सीमा से जिस ओर से गोलाबारी की जा रही थी, भारतीय जवानों ने उनकी चौकियों को निशाना बनाते हुए गोले दागे। संघर्ष विराम के उल्लंघन के बाद कुपवाड़ा में मोबाइल इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई है।
ये भी पढ़ें
एशियाई देशों में Corona Virus पर ‘फेक न्यूज’ के खिलाफ कार्रवाई तेज