बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Heat wave in many states
Written By
Last Updated : शनिवार, 30 अप्रैल 2022 (15:43 IST)

Weather Update: अनेक राज्यों में लू का कहर, यूपी में पारा 47 के पार, यहां बारिश से बदला मौसम का मिजाज

Weather Update: अनेक राज्यों में लू का कहर, यूपी में पारा 47 के पार, यहां बारिश से बदला मौसम का मिजाज - Heat wave in many states
नई दिल्ली। भीषण लू के कारण देश का एक बड़ा हिस्सा बेहाल है और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बांदा में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इलाहाबाद (46.8 डिग्री सेल्सियस) और झांसी (46.2 डिग्री सेल्सियस) जैसे कई स्थानों पर पारा 46 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। हरियाणा के गुरुग्राम में अब तक का उच्चतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, महाराष्ट्र में लू लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्र पर बना हुआ है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मेघालय और असम के आसपास के हिस्सों पर बना हुआ है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वी उत्तरप्रदेश और बिहार के आसपास के हिस्सों पर बना हुआ है।

 
स्काईमेट के अनुसार पूर्वी उत्तरप्रदेश और बिहार पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से एक ट्रफ रेखा पूर्वी मध्यप्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक से होते हुए दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक फैली हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब, पश्चिम राजस्थान, दिल्ली, विदर्भ के कई हिस्सों और हिमाचल प्रदेश, पश्चिम मध्यप्रदेश, झारखंड, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ हिस्सों में लू चल रही है।

 
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, कर्नाटक के कुछ हिस्सों और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश हुई। लक्षद्वीप और रायलसीमा, तेलंगाना, दक्षिण छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और नगालैंड के एक या दो हिस्सों में हल्की बारिश हुई।
 
अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्यभारत के साथ-साथ पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। पंजाब, पश्चिम राजस्थान, दिल्ली, विदर्भ के कई हिस्सों और हिमाचल प्रदेश, पश्चिम मध्यप्रदेश, झारखंड, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है।

दिल्ली में गर्मी ने तोड़ा 72 साल का रिकॉर्ड : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि दिल्ली में 72 वर्षों में यह दूसरी बार है जब अप्रैल में इतनी गर्मी पड़ी है और औसत मासिक अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी में आज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पारा 46.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रिज में (45.7 डिग्री सेल्सियस), मुंगेशपुर में (45.9 डिग्री सेल्सियस), नजफगढ़ में (45.9 डिग्री सेल्सियस) और पीतमपुरा में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच से सात डिग्री अधिक है।
महाराष्ट्र में गर्मी के तीखे तेवर : महाराष्ट्र के नासिक शहर में लू लगने से 68 साल के एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस चंद्रपुर जिले में दर्ज किया गया। अकोला में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस था।